1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Kisan Samman Nidhi: पीएम किसान सम्मान निधि में फर्जीवाड़ा, झारखंड के 11 लाख से भी ज्यादा लोगों ने किया फ्रॉड, अब सरकार वसूलेगी राशि

PM Kisan Samman Nidhi: पीएम किसान सम्मान निधि में फर्जीवाड़ा, झारखंड के 11 लाख से भी ज्यादा लोगों ने किया फ्रॉड, अब सरकार वसूलेगी राशि

 Edited By: Pankaj Yadav @pan89168
 Published : Oct 19, 2022 07:22 pm IST,  Updated : Oct 19, 2022 07:22 pm IST

PM Kisan Samman Nidhi: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत झारखंड में तकरीबन 11 लाख से भी ज्यादा लोगों ने फर्जी तरीके से लाभ लिया है। सरकार अब इन फर्जी किसानों की पहचान कर रही है और उनसे भुगतान की हुई राशि वापस वसूलने की तैयारी कर रही है।

More than 11 lakh people committed Fraud in Jharkhand for PM Kisan Samman Nidhi- India TV Hindi
More than 11 lakh people committed Fraud in Jharkhand for PM Kisan Samman Nidhi

Highlights

  • प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में हुआ फर्जीवाड़ा
  • झारखंड में 11 लाख से भी ज्यादा लोगों ने किया फर्जीवाड़ा
  • पूरे देश में सहायता के नाम पर 4352 करोड़ रुपए फर्जी तरीके से निकाले गए

PM Kisan Samman Nidhi: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत झारखंड में तकरीबन 11 लाख से भी ज्यादा लोगों ने फर्जी तरीके से लाभ लिया है। सरकार फर्जीवाड़ा करने वालों की पहचान कर रही है। ऐसे लोगों को भुगतान की गई राशि सरकार उनसे वापस वसूली जाएगी। केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय ने झारखंड सहित सभी राज्यों से इस बाबत रिपोर्ट मांगी है। केंद्र के निर्देश के बाद ऐसे लोगों को स्कीम की राशि का भुगतान रोक दिया गया है, जिनकी जमीन के कागजात अपडेट नहीं हैं। अब तक की स्कैनिंग में कुल 11 लाख 20 हजार 323 लोग ऐसे पाए गए हैं, जिन्होंने तीन साल में भी जमीन के कागजात जमा नहीं किए हैं। इसके अलावा 4.07 लाख किसान ऐसे हैं, जिन्होंने KYC अपडेट नहीं किया है। इस तरह कुल 15 लाख 27 हजार किसान जांच के दायरे में हैं।

सबसे ज्यादा फर्जीवाड़ा देवघर में हुआ

राज्य में वर्ष 2019 के मई में कुल 30 लाख 97 हजार 746 किसानों ने इस स्कीम के तहत रजिस्ट्रेशन कराया था। इन्हें चार से छह किस्तों की राशि का भुगतान भी कर दिया गया। अब इनमें से कुल 15 लाख 27 हजार लोगों के अकाउंट में स्कीम की राशि भेजने पर रोक लगा दी गई है। सबसे बड़े फर्जीवाड़े की आशंका देवघर जिले में है। यहां के 61442 किसानों की जमीन के कागजात उपलब्ध नहीं हो सके हैं। इसी तरह पलामू जिले में 36536, गोड्डा में 32662, चतरा में 29551, गिरिडीह में 27215, हजारीबाग में 25574 और रांची में 21973 किसान ऐसे हैं, जिनकी जमीन का सही-सही ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। बाकी जिलों में बगैर सही कागजात के लाभ लेने वालों की बड़ी संख्या है।

फर्जी किसानों को जारी किया गया नोटिस

कई जिलों में गलत तरीके से भुगतान लेने वालों को नोटिस भी जारी किया गया है। पैन और आधार कार्ड के जरिए ऐसे किसानों की पहचान की जा रही है। जो किसान KYC अपडेट करा लेंगे, उन्हें स्कीम का लाभ आगे दिया जा सकेगा। गौरतलब है कि पूरे देश में किसानों को मिलने वाली सहायता के नाम 4352 करोड़ रुपए से अधिक की रकम अवैध रूप से निकासी हुई है। बीते 22 मार्च तक अपात्र किसानों से सरकार महज 296.67 करोड़ रुपए ही वसूल पाई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत