सुप्रीम कोर्ट में हाल ही में एक सुनवाई के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला था। बीते 10 जुलाई को कोर्ट की कार्यवाही के दौरान एक शख्स ने कागज फेंके थे और मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। इस मामले के सामने आने के बाद हर कोई हैरान हो गया था। अब इस मामले में कार्रवाई भी सामने आ गई है। जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में हंगामे के मामले में दो लॉ स्टूडेंट को गिरफ्तार किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला बीते 10 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट की कोर्ट नंबर-13 में हुई घटना से जुड़ा हुआ है। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान आरोपी प्रबल प्रताप ने कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा आरोपी ने कोर्ट रूम में कागज फेंककर अदालत की कार्यवाही में बाधा भी डाली थी। इसके अलावा आरोपी ने सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोकने पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ बल प्रयोग किया। सुप्रीम कोर्ट में हुई इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया था।
इन धाराओं में केस दर्ज
सुप्रीम कोर्ट में हंगामा करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में FIR दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 132, 221, 224, 3(5) समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपी की पहचान प्रबल प्रताप सिंह (उम्र 24 साल), लखनऊ यूनिवर्सिटी का तीसरे वर्ष का लॉ छात्र और दूसरा आरोपी की पहचान चंदर भान (उम्र 23 वर्ष), लखनऊ यूनिवर्सिटी का दूसरे वर्ष का लॉ छात्र के रूप में की गई है।
आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया
जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद दोनों आरोपियों का IHBAS में मेडिकल परीक्षण कराया गया था। मेडिकल रिपोर्ट में दोनों को तत्काल किसी साइकियाट्रिक ट्रीटमेंट की आवश्यकता नहीं बताई गई है। इसके अलावा जांच के दौरान आरोपियों के पास से आपत्तिजनक शब्दों वाले पर्चे (Pamphlets) बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले में पूछताछ और आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढे़ं- ज्ञानवापी, मथुरा और संभल विवाद से जुड़ी बड़ी खबर, सुप्रीम कोर्ट ने भेजा विशेष लोक अदालत