1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बीच रास्ते में रोकनी पड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, दूसरी ट्रेनों से आगे भेजे गए यात्री

बीच रास्ते में रोकनी पड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, दूसरी ट्रेनों से आगे भेजे गए यात्री

 Reported By: T Raghavan Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jun 27, 2025 10:54 pm IST,  Updated : Jun 27, 2025 10:54 pm IST

धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस को दावणगेरे में हॉट एक्सल की वजह से बीच रास्ते में रोकना पड़ा। यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों से उनके गंतव्य पर भेजा गया।

Vande Bharat Express, Vande Bharat Express halted, hot axle issue train- India TV Hindi
दावणगेरे स्टेशन पर रोकी गई धारवाड़ से बेंगलुरु जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस। Image Source : INDIA TV

दावणगेरे: धारवाड़ से बेंगलुरु जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20662) को आज बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन के यात्रियों को इसके बाद उनके गंतव्य की तरफ दूसरे ट्रेनों से भेजा गया। शुक्रवार की दोपहर करीब 3:30 बजे यह ट्रेन दावणगेरे स्टेशन पर रोकी गई थी। बताया जा रहा है कि अमरावती कॉलोनी के पास एक LC गेटकीपर ने अचानक ट्रेन के C4 कोच में हॉट एक्सल (गरम धुरा) की समस्या देखी, जिसके बाद तुरंत यह कदम उठाया गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को दावणगेरे में रोका गया और पूरी जांच की गई।

यात्रियों को खाना और नाश्ता उपलब्ध कराया गया

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए तुरंत वैकल्पिक इंतजाम किए और उन्हें दूसरी ट्रेनों के जरिए उनके गंतव्य पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में सवार 502 यात्रियों को जन शताब्दी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12080) और जोधपुर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 16507) से बेंगलुरु भेजा गया। यात्रियों को किसी तरह की तकलीफ न हो इसका ध्यान रखते हुए उन्हें अरसीकेरे स्टेशन पर खाना और नाश्ता भी उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा, बेंगलुरु के KSR बेंगलुरु (SBC) और यशवंतपुर (YPR) स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए ताकि यात्रियों को अगर कोई समस्या हो तो वे अपनी बात कह सकें।

यात्रियों को रिफंड किया जाएगा किराए का अंतर

रेलवे ने यह भी सुनिश्चित किया कि वैकल्पिक ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को किराए का अंतर वापस किया जाए। बेंगलुरु पहुंचने पर यह रिफंड प्रक्रिया शुरू की जाएगी। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को हर संभव सहायता और मार्गदर्शन प्रदान किया। साउथ वेस्टर्न रेलवे ने इस असुविधा के लिए खेद जताया और यात्रियों के सहयोग की सराहना की। रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हॉट एक्सेल की समस्य समय रहते पता चल गई और कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत