1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather News: हरियाणा-पंजाब समेत 13 राज्यों में आज तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट, कई जगहों पर गिरेंगे ओले

Weather News: हरियाणा-पंजाब समेत 13 राज्यों में आज तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट, कई जगहों पर गिरेंगे ओले

 Published : Apr 13, 2024 07:57 am IST,  Updated : Apr 13, 2024 08:17 am IST

Weather News Today: मौसम विभाग ने आज राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश के साथ ओले पड़ने की चेतावनी जारी की है। वहीं, दक्षिण भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। ओडिशा में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट Image Source : ANI

नई दिल्लीः देश में भीषण गर्मी के बीच आज कई राज्यों में झमाझम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 अप्रैल को मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाओं (आंधी) के साथ ओले गिरने की संभावना है।

आंधी के साथ पड़ सकते हैं ओले

मौसम विभाग ने कहा कि छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र राज्यों में भी आज और कल गरज,बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा आज सिक्किम और मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि होने की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश और असम के कई हिस्सों में 16 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है। 

किसानों की फसलों को हो सकता है नुकसान

बारिश होने से इन राज्यों के तापमान में गिरावट आएगी जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने से किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है। इस समय किसान गेहूं की फसल की कटाई और मड़ाई कर रहे हैं। हरियाणा, पंजाब, यूपी और मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर गेहूं की फसल होती है।

यहां पर गर्मी का येलो अलर्ट

वहीं, देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां पर अलग-अलग स्थानों में 16 अप्रैल हीटवेव (लू) चलने की संभावना है।

दिल्ली का मौसम

मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को सामान्य रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश, धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। उसने शाम को जोरदार हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 23 और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को दिन का तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो इस साल जनवरी से अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान है। 

ये भी पढ़ेंः सूरज की तपिस ने छुड़ाया 'पसीना', 10 राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार, यहां पर बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

भीषण गर्मी के बीच पड़ने वाली है 'राहत' की फुहार, तेज हवाओं के साथ पड़ेंगे ओले, किसानों के लिए चेतावनी

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत