1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भीषण गर्मी के बीच पड़ने वाली है 'राहत' की फुहार, तेज हवाओं के साथ पड़ेंगे ओले, किसानों के लिए चेतावनी

भीषण गर्मी के बीच पड़ने वाली है 'राहत' की फुहार, तेज हवाओं के साथ पड़ेंगे ओले, किसानों के लिए चेतावनी

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Apr 12, 2024 07:22 am IST,  Updated : Apr 12, 2024 07:48 am IST

Weather News Today: भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की सूचना मौसम विभाग ने दी है। कई राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान झमाझम बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलेंगी और ओले भी पड़ सकते हैं।

भीषण गर्मी के बीच पड़ने वाली है 'राहत' की फुहार- India TV Hindi
भीषण गर्मी के बीच पड़ने वाली है 'राहत' की फुहार Image Source : FILE-PTI

नई दिल्लीः राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान बाड़मेर सबसे ज्यादा गर्म स्थान रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मालेगांव में 42, नान्याल में 41.4, तिरुपत्तूर में 41.8, भुज में 41.2 और प्रयागराज में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 

भीषण गर्मी से लोग बेहाल

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम राजस्थान, दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी हरियाणा, केरल और दक्षिण तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस ऊपर है।  कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच है।  

भीषण गर्मी से मिलने वाली है राहत

 
भीषण गर्मी से परेशान लोगों को अगले 24 घंटे के दौरान राहत मिल सकती है।  भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि  दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण इस सप्ताह के अंत में उत्तर पश्चिम भारत के पहाड़ों और मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।  जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश में 13 से 15 अप्रैल के बीच गरज के साथ बारिश होने, बिजली कड़कने, ओलावृष्टि होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 

मौसम विभाग ने किसानों के लिए जारी की चेतावनी

आईएमडी ने तेज हवाओं से फसलों को नुकसान होने और ओले गिरने से खुले में मौजूद लोगों और मवेशियों के चोटिल होने की चेतावनी भी जारी की। उसने कहा कि तेज हवाओं से कच्चे मकानों की दीवारें और झोपड़ियों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत में किसानों को जल्द से जल्द पकी हुई फसलों, फलों और सब्जियों की कटाई करने और कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने या खेतों में कटी हुई उपज के ढेर को तिरपाल से ढंकने का सुझाव दिया। मौसम कार्यालय ने जम्मू कश्मीर के किसानों को जल जमाव से बचने के लिए खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की सलाह दी। 

दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग कार्यालय ने शुक्रवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 21 और 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत