1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. NCP के 3 विधायकों को निजी विमान द्वारा शनिवार को दिल्ली ले जाया गया: नवाब मलिक

NCP के 3 विधायकों को निजी विमान द्वारा शनिवार को दिल्ली ले जाया गया: नवाब मलिक

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 24, 2019 11:32 pm IST,  Updated : Nov 24, 2019 11:32 pm IST

राकांपा ने रविवार रात को दावा किया कि अजित पवार के उप मुख्यमंत्री पद के शपथ समारोह में शनिवार को भाग लेने वाले तीन विधायकों को भाजपा द्वारा निजी विमान में उसी दिन दिल्ली लाया गया था। 

Nawab Malik- India TV Hindi
NCP के 3 विधायकों को निजी विमान द्वारा शनिवार को दिल्ली ले जाया गया: नवाब मलिक Image Source : ANI

मुंबई। राकांपा ने रविवार रात को दावा किया कि अजित पवार के उप मुख्यमंत्री पद के शपथ समारोह में शनिवार को भाग लेने वाले तीन विधायकों को भाजपा द्वारा निजी विमान में उसी दिन दिल्ली लाया गया था। राकांपा के मुख्य प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि तीनों विधायकों ने कहा है कि वे पार्टी के साथ हैं।

उन्होंने कहा कि दौलत दरोडा और नितिन पवार ने वीडियो संदेश भेजकर कहा है कि वे राकांपा के साथ हैं। एक और विधायक नरहरि जिरवाल का संदेश भी राकांपा के ट्विटर पर साझा किया गया। मलिक ने कहा, “दौलत दरोडा, नितिन पवार और नरहरि जिरवाल को भाजपा द्वारा निजी विमान में कल दिल्ली ले जाया गया। पवार और दरोडा ने हमें वीडियो संदेश भेजकर कहा है कि वे पार्टी के साथ हैं।”

इससे पहले दिन में मलिक ने तीनों विधायकों के अलावा बाबासाहेब पाटिल और अनिल पाटिल के लापता होने के बात कही थी। मलिक ने कहा कि ये विधायक जल्दी ही लौट आएंगे। मलिक ने ट्विटर पर अनिल पाटिल के ट्वीट को टैग किया था जिसमें पाटिल ने कहा था कि वह राकांपा के साथ हैं और उन्हें शरद पवार के नेतृत्व पर भरोसा है।

ट्वीट में पाटिल ने कहा था कि वह राज भवन इसलिए गए थे क्योंकि अजित पवार विधायक दल के नेता हैं। पाटिल ने ट्वीट में कहा था कि वह शरद पवार के साथ हैं और उन्हें नहीं पता था कि राज भवन में क्या होने वाला है। शनिवार को दरोडा के परिवार ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत