1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महाराष्ट्र में हुई चूक की पड़ताल में जुटी संघ-भाजपा समन्वय कमेटी

महाराष्ट्र में हुई चूक की पड़ताल में जुटी संघ-भाजपा समन्वय कमेटी

 Reported By: IANS
 Published : Nov 29, 2019 06:39 am IST,  Updated : Nov 29, 2019 06:39 am IST

महाराष्ट्र में जनादेश के बावजूद सरकार बनाने में भाजपा के झटका खा जाने के बाद अब संघ की समन्वय कमेटी इस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। कई सवालों के जवाब ढूंढे जा रहे हैं।

महाराष्ट्र में हुई चूक की पड़ताल में जुटी संघ-भाजपा समन्वय कमेटी - India TV Hindi
महाराष्ट्र में हुई चूक की पड़ताल में जुटी संघ-भाजपा समन्वय कमेटी 

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में जनादेश के बावजूद सरकार बनाने में भाजपा के झटका खा जाने के बाद अब संघ की समन्वय कमेटी इस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। कई सवालों के जवाब ढूंढे जा रहे हैं। मसलन, हर बार रुठकर मान जाने वाली शिवसेना से इस बार बात इतनी कैसे बिगड़ गई? हिंदुत्व की समान विचारधारा पर आधारित होने पर भी दोनों दलों में इतनी दूरी कैसे हुई कि विरोधी दलों के साथ सरकार बनाने की मजबूरी आ गई। 

Related Stories

इस सवाल का भी जवाब ढूंढा जा रहा है कि क्या शिवसेना ने नतीजे आने के पहले ही भाजपा से दूर जाने का मूड बना लिया था। शिवसेना के इस अड़ियल रवैये के पीछे क्या भाजपा का व्यवहार जिम्मेदार था या फिर इस क्षेत्रीय दल की महत्वाकांक्षा।

संघ सूत्रों के मुताबिक डॉ. कृष्णगोपाल की अध्यक्षता वाली समन्यव कमेटी महाराष्ट्र के चुनाव में शुरू से लेकर सरकार बनने और बिगड़ने तक की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। इसमें टिकट वितरण से लेकर शिवसेना के साथ भाजपा नेताओं की बैठकों और उसमें लिए गए फैसलों आदि के बारे में विस्तृत पड़ताल चल रही है।

नागपुर के संघ मामलों के जानकार दिलीप देवधर ने आईएएनएस से कहा, "संघ की कमेटी ऐसे मामलों की बड़ी बारीक समीक्षा करती है। आगे होने वाली बैठकों में इस पर संघ व भाजपा के नेताओं की बीच विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।"

दिलीप देवधर के मुताबिक महाराष्ट्र में टिकट वितरण के दौरान इस बात को लेकर नाराज हुआ था कि बाहर के लोगों को टिकट देने के चक्कर में अंदर के पुराने लोगों के टिकट काट दिए गए। डेढ़ दर्जन से अधिक विधायकों के टिकट काटे जाने पर उन्होंने संघ से गुहार लगाई थी। हालांकि उस वक्त संघ ने भाजपा के मामले में दखलंदाजी करने की जरूरत नहीं समझी थी। अमूमन संघ के अंदरखाने से भाजपा के किसी निर्णय पर तब तक कोई सवाल नहीं उठते, जब तक कि उसके नतीजे बुरे न हों।

महाराष्ट्र के चुनाव में कई निर्णयों से हुए नुकसान होने के बाद अब संघ ने इन मामलों की समीक्षा शुरू की है। संघ यह पता लगा रहा है कि सिटिंग एमएलए के टिकट देवेंद्र फडणवीस की सिफारिश पर कटे या फिर केंद्रीय नेतृत्व ने अपने स्तर से फैसला किया। संघ सूत्रों के मुताबिक अभी इस मामले की पड़ताल चल रही है। आगे संघ-भाजपा की समन्वय बैठक जब होगी, तब इस मामले में तैयार रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत