1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस में घमासान के बीच वरिष्ठ लोकसभा सांसद का शशि थरूर पर बड़ा हमला, बताया ‘अतिथि कलाकार’

कांग्रेस में घमासान के बीच वरिष्ठ लोकसभा सांसद का शशि थरूर पर बड़ा हमला, बताया ‘अतिथि कलाकार’

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 28, 2020 05:40 pm IST,  Updated : Aug 28, 2020 05:40 pm IST

केरल प्रदेश समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष ने अपनी ही पार्टी के नेता शशि थरूर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि शशि थरूर कांग्रेस पार्टी में एक अतिथि कलाकार की तरह हैं।

Shashi Tharoor a 'guest worker' in Congress, taunts KPCC working president K Suresh- India TV Hindi
Shashi Tharoor a 'guest worker' in Congress, taunts KPCC working president K Suresh Image Source : FILE

तिरुवनंतपुरम: केरल प्रदेश समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष ने अपनी ही पार्टी के नेता शशि थरूर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि शशि थरूर कांग्रेस पार्टी में एक अतिथि कलाकार की तरह हैं। बता दें कि शशि थरूर सोनिया गांधी को पत्र लिखने वाले 23 वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने कांग्रेस में सांगठनिक बदलाव की मांग की थी।

Related Stories

शशि थरूर पर निशाना साधते हुए केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष और लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी में सभी को उसकी नीतियों और कार्यक्रमों के अनुसार चलना चाहिए। 

मावेलीकारा से लोकसभा सदस्य सुरेश ने कहा, ‘‘शशि थरूर निश्चित रूप से नेता नहीं हैं। वह अतिथि कलाकार के तौर पर कांग्रेस में आए थे। वह अब भी अतिथि कलाकार के रूप में पार्टी में बने हुए हैं।’’ सुरेश ने कहा कि थरूर वैश्विक नागरिक हो सकते हैं लेकिन उन्हें यह नहीं सोचना चाहिए कि वह कोई भी निर्णय ले सकते हैं या अपनी इच्छा से कुछ भी कह सकते हैं। 

सुरेश ने एक सवाल के जवाब में यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अंतत: उन्हें पार्टी के हिसाब से चलना होगा।’’ एक दिन पहले ही थरूर ने कहा था कि हम सभी का कर्तव्य है कि कांग्रेस के हित में मिलकर काम करें। थरूर ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया, ‘‘मैं कांग्रेस में हाल की घटनाओं पर चार दिन से चुप था क्योंकि जब एक बार कांग्रेस अध्यक्ष ने कह दिया कि यह अब कोई मुद्दा नहीं रह गया है, तो हम सभी का कर्तव्य है कि हम साथ मिलकर पार्टी के हित में काम करें।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने सभी साथियों से इस सिद्धांत को बरकरार रखने और बहस को समाप्त करने का अनुरोध करता हूं।’’ केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा सांसद के. मुरलीधरन ने भी बृहस्पतिवार को इस मुद्दे पर थरूर पर निशाना साधते हुए उन्हें वैश्विक नागरिक कहा था।

तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को 50 साल की लीज पर अडानी एंटरप्राइजेज को देने के केंद्र के कदम का खुलकर समर्थन करने के लिए भी थरूर केरल में कांग्रेस के नेताओं की आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत