1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों ने बदला पाला, दक्षिण दिनाजपुर जिला परिषद पर बीजेपी का कब्जा

तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों ने बदला पाला, दक्षिण दिनाजपुर जिला परिषद पर बीजेपी का कब्जा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 25, 2019 06:37 am IST,  Updated : Jun 25, 2019 06:37 am IST

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को लगातार झटके दे रही है।

TMC loses control of South Dinajpur zila parishad after its leaders defect to BJP | PTI File- India TV Hindi
TMC loses control of South Dinajpur zila parishad after its leaders defect to BJP | PTI File

नई दिल्ली/कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को लगातार झटके दे रही है। लोकसभा चुनावों में भगवा दल के शानदार प्रदर्शन के बाद तृणमूल के कई नेता बीजेपी का दामन थाम रहे हैं। ताजा घटना में तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक समेत कई सदस्यों के बीजेपी में शामिल होने से भागवा दल ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की दक्षिण दिनाजपुर जिला परिषद पर अपना नियंत्रण कायम कर लिया। दक्षिण दिनाजपुर जिले में तृणमूल कांग्रेस को झटका देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता बिप्लब मित्रा ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया। 

मित्रा के अलावा, दक्षिण दिनाजपुर जिला परिषद के 18 में से 10 सदस्य और तृणमूल कांग्रेस के विधायक विल्सन चांपरामेरी दिल्ली में बीजेपी में शामिल हो गए। दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय, पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष तथा पार्टी महासचिव और राज्य के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में तृणमूल कांग्रेस के नेता पार्टी में शामिल हुए। 3 बार के विधायक चांपरामेरी पश्चिम बंगाल में कलचीनी विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं। 

हाल में बीजेपी में शामिल होने वाले चांपरामैरी तृणमूल कांग्रेस के पांचवें विधायक हैं। इसके अलावा, CPM का एक और कांग्रेस का एक विधायक भी भगवा दल में शामिल हो चुका है। रॉय ने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बीजेपी में शामिल होने को ‘भूकंप’ करार देते हुए कहा कि दक्षिण दिनाजपुर की जिला परिषद की अध्यक्ष लिपिका रॉय समेत इसके लगभग सभी सदस्य पार्टी में शामिल हो गए। मित्रा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ‘निरंकुश तरीके’ से काम कर रही है और इसका लोगों से संपर्क खत्म हो गया है। 

घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फरहाद हाकिम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले लोग मौकापरस्त हैं और आने वाले दिनों में वे पछताएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत