1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Lok Sabha Elections 2024: BSP ने उत्तराखंड से 5 उम्मीदवारों का ऐलान किया, जानिए किन नेताओं को मिला टिकट?

Lok Sabha Elections 2024: BSP ने उत्तराखंड से 5 उम्मीदवारों का ऐलान किया, जानिए किन नेताओं को मिला टिकट?

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Niraj Kumar
 Published : Mar 26, 2024 08:03 pm IST,  Updated : Mar 26, 2024 08:41 pm IST

Lok Sabha Elections 2024: बहुजन समाज पार्टी ने आज उत्तराखंड से अपने पांच उम्मीदावारों की लिस्ट जारी कर दी। पार्टी ने टिहरी गढ़वाल से पार्टी ने नीम चंद्र छुरियाल को टिकट दिया है जबकि हरिद्वार से जमील अहमद को चुनाव मैदान में उतारा है।

Mayawati, BSP- India TV Hindi
मायावती, बीएसपी प्रमुख Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली:  बहुजन समाज पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उत्तराखंड से पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढवाल, अल्मोड़ा, नैनीताल उधम सिंह नगर और हरिद्वार सीट से अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। 

टिहरी गढ़वाल से पार्टी ने नीम चंद्र छुरियाल को टिकट दिया है। पौड़ी गढ़वाल से धीर सिंह बिष्ट, अल्मोड़ा (SC) से नारायण राम,  नैनीताल उधम सिंह नगर से अख्तर अली माहीगिर और हरिद्वार से जमील अहमद को टिकट दिया है।

इससे पहले रविवार को बीएसपी ने उत्तर प्रदेश की 25 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पार्टी ने पहले 16 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की और कुछ ही घंटों के अंतराल में दूसरी सूची जारी कर नौ और प्रत्याशी घोषित किये। बसपा द्वारा घोषित उम्मीदवारों की पहली सूची के मुताबिक, सहारनपुर से माजिद अली और कैराना से श्रीपाल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया। इसके अलावा मुजफ्फरनगर से दारा सिंह प्रजापति, बिजनौर से विजेंद्र सिंह, नगीना (आरक्षित) सीट से सुरेंद्र पाल सिंह, मुरादाबाद से मोहम्मद इरफान सैफी, रामपुर से जीशान खां, संभल से सौलत अली, अमरोहा से मुजाहिद हुसैन, मेरठ से देववृत्त त्यागी और बागपत से प्रवीण बंसल को बसपा का टिकट दिया गया। पार्टी ने गौतम बुद्ध नगर से राजेंद्र सिंह सोलंकी, बुलंदशहर (आरक्षित) सीट से गिरीश चंद्र जाटव, आंवला सीट से आबिद अली, पीलीभीत से अनीस अहमद खान उर्फ फूल बाबू तथा शाहजहांपुर (आरक्षित) सीट से डॉक्टर दोदराम वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। 

बसपा ने रविवार शाम को दूसरी सूची जारी कर नौ और उम्मीदवार घोषित किये। सूची के अनुसार हाथरस (आरक्षित) से हेम बाबू धनगर, मथुरा से कमलकांत उपमन्यु, आगरा (आरक्षित) से पूजा अमरोही, फतेहपुर सीकरी से राम निवास शर्मा, फिरोजाबाद से सतेन्द्र जैन सौली, इटावा (आरक्षित) से सारिका सिंह बघेल, कानपुर से कुलदीप भदौरिया, अकबरपुर (कानपुर देहात) से राजेश कुमार द्विवेदी और जालौन (आरक्षित) से सुरेश चंद्र गौतम को उम्मीदवार घोषित किया गया है। बसपा द्वारा घोषित 25 उम्मीदवारों में सात अल्पसंख्यक समुदाय के हैं। 

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत उत्तर प्रदेश की सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत सीटों के लिए चुनाव होंगे। इसके लिए नामांकन पत्र 27 मार्च तक दाखिल किए जाएंगे, जिनकी जांच 28 मार्च को की जाएगी। नाम वापसी की आखिरी तारीख 30 मार्च होगी और मतदान 19 अप्रैल को होगा। मथुरा में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को जबकि हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद में तीसरे चरण में सात मई को, इटावा, कानपुर और अकबरपुर में चौथे चरण में 13 मई और जालौन में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव सात चरणों में कराने की घोषणा की है। इसके मुताबिक उत्तर प्रदेश की कुल 80 सीट के लिए सात चरणों में मतदान होगा।(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत