1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लोकसभा से विपक्ष के 2 और सांसद सस्पेंड, हंगामे की वजह से अब तक 143 पर कार्रवाई

लोकसभा से विपक्ष के 2 और सांसद सस्पेंड, हंगामे की वजह से अब तक 143 पर कार्रवाई

 Published : Dec 20, 2023 02:59 pm IST,  Updated : Dec 20, 2023 05:05 pm IST

लोकसभा ने सदन की अवमानना के मामले में विपक्षी सदस्यों- सी थॉमस और ए एम आरिफ को संसद सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया।

लोकसभा से दो और सांसद सस्पेंड- India TV Hindi
लोकसभा से दो और सांसद सस्पेंड Image Source : ANI

नई दिल्लीः संसद की सुरक्षा में चूक और विपक्षी सांसद के निलंबन के मामले पर आज फिर संसद के दोनों सदनों में हंगामा हुआ। लोकसभा में तख्तियां दिखाने और सदन की अवमानना करने को लेकर बुधवार को दो और विपक्षी सदस्यों को संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। सदन की अवमानना के मामले में अब तक कुल 97 लोकसभा सदस्यों को निलंबित किया जा चुका है। इससे पहले पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को 13 सदस्यों, सोमवार को 33 तथा मंगलवार को 49 सदस्यों को निलंबित कर दिया गया था।

इस पार्टी के सांसद पर हुई कार्रवाई

आपराधिक कानूनों से संबंधित तीन विधेयकों पर चर्चा के बीच में संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्ष के दो सदस्यों -सी.थॉमस और ए.एम.आरिफ का नाम लेकर उन्हें आसन की अवमानना को लेकर संसद के वर्तमान सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव किया, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। आरिफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के और सी. थॉमस केरल कांग्रेस के सांसद हैं।  

वेल में पहुंच गए थे दोनों सांसद

मिली जानकारी के अनुसार, लोकसभा सांसद सी थॉमस और AM आरिफ ने सदन में तख्तियां दिखाई और हंगामा किया। इसके साथ ही वे हंगामा करते हुए वेल में आ गए।  इसकी वजह से इन पर कार्रवाई की गई।  

विपक्ष के अब तक 143 सांसद सस्पेंड

बता दें कि संसद की सुरक्षा में चूक और सदस्यों के निलंबन जैसे मुद्दों पर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी। संसद के दोनों सदनों में हंगामे की वजह से अब तक 143 सांसद को सस्पेंड किया जा चुका है। सरकार और विपक्ष के बीच लगातार गतिरोध बना हुआ है। इसकी वजह से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत