1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी ने की कांग्रेस पार्टी के 9 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्षों से मुलाकात, जानें क्या हुई बात

राहुल गांधी ने की कांग्रेस पार्टी के 9 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्षों से मुलाकात, जानें क्या हुई बात

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 18, 2026 11:47 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 11:47 pm IST

राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के 9 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्षों से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान, राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार मुसलमानों, ईसाइयों और दलितों पर अत्याचार कर रही है।

Rahul Gandhi news- India TV Hindi
कांग्रेस के 9 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्षों के साथ राहुल गांधी ने बैठक की। Image Source : PTI (फाइल फोटो)

नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी के 9 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्षों के साथ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में गुरुवार को मुलाकात की। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, गोवा, मुंबई, दिल्ली और तेलंगाना जैसे राज्य शामिल हैं। अगली मुलाकात जुलाई में होगी जिसमें राहुल गांधी 10 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे, जिसमें उत्तर प्रदेश भी होगा।

मैं जो बोलता हूं वो सच होता है- राहुल गांधी

बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मैं जो बोलता हूं आप जानते हो, सच होता है। मैंने कोविड को लेकर जो कहा सच हुआ। आज मैं फिर एक बात कह रहा हूं कि अगले एक साल में पीएम मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। आप लिखकर ले लीजिए। प्रधानमंत्री कम्प्रोमाइज्ड हैं। मैं उनकी असलियत जान गया हूं, इसलिए वो मुझसे नजर नहीं मिला पाते हैं।

राहुल ने लगाया अल्पसंख्यकों पर अत्याचार का आरोप

साथ ही, राहुल गांधी ने कहा कि सरकार मुसलमानों, ईसाइयों और दलितों पर अत्याचार कर रही है। कांग्रेस को इन सबकी लड़ाई लड़नी है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि कांग्रेस को मुसलमान की लड़ाई मुसलमान कहकर, सिख की लड़ाई सिख कहकर लड़नी चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि जिस दिन हम संविधान की बात नहीं करेंगे कांग्रेसी नहीं रह जाएंगे।

संविधान और सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाएं

इस मीटिंग के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के संगठन को ग्राउंड लेवल पर और मजबूत करने पर भी जोर दिया। राहुल गांधी ने अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्षों से कहा कि वे अपने-अपने इलाकों में लोगों से लगातार संवाद बनाए रखें। सामाजिक न्याय, समान अवसरों और संविधान से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं।

अल्पसंख्यकों की आवाज को मजबूती दे रही कांग्रेस

राहुल गांधी ने आगे कहा कि पार्टी को अल्पसंख्यकों की आवाज को मजबूती देनी है। कांग्रेस को उन वर्गों तक हमें पहुंचना होगा, जो राजनीतिक और सामाजिक तौर पर खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं। मीटिंग के दौरान, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्षों ने भी राहुल गांधी के सामने अपने-अपने राज्यों में रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से जुड़े मुद्दों, संगठन की हालत और ग्राउंड लेवल पर सामने आ रही चुनौतियों को रखा।

ये भी पढ़ें- 27 सीटों पर चुनाव के बाद कितना बदला राज्यसभा का गणित? दो-तिहाई बहुमत के कितने करीब पहुंचा BJP का NDA गठबंधन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत