1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- मणिपुर को बर्बाद कर दिया, मिट्टी का तेल फेंककर लगाई आग

राहुल गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- मणिपुर को बर्बाद कर दिया, मिट्टी का तेल फेंककर लगाई आग

 Written By: Avinash Rai
 Published : Aug 12, 2023 08:37 pm IST,  Updated : Aug 12, 2023 08:39 pm IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंचे हैं। यहां उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए मणिपुर मामले पर घेरा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने मणिपुर को बर्बाद कर दिया है।

Rahul gandhi remark on manipur again in waynad kerala- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : ANI

कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड दौरे पर गए हैं। यहां उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और मणिपुर को लेकर भाजपा का घेराव किया। वायनाड पहुंचे राहुल गांधी ने कहा, 'बीजेपी का लक्ष्य परिवारों को बर्बाद करना है। भारत एक परिवार है, वे इसे बांटना चाहते हैं। मणिपुर एक परिवार था, उन्होंने इसे बर्बाद करने की कोशिश की। वे लोगों के बीच संबंधों को नष्ट कर देते हैं। हम निर्माण करते हैं, लोगों को एक साथ लाते हैं। हम परिवारों को मजबूत करते हैं। बीजेपी सोचती है कि उन्होंने मणिपुर को बांट दिया है, बर्बाद कर दिया है।'

मणिपुर पर फिर बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी ने आगे कहा कि हम मणिपुर को फिर से एक साथ लाएंगे। हम मणिपुर में प्यार वापस लाएंगे। आपको मणिपुर को जलाने में 2 महीने लगे। मणिपुर में प्यार वापस लाने में हमें पांच साल लग सकते हैं, लेकिन हम ऐसा करेंगे। ये लड़ाई बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। उन्होंने कहा, 'मणिपुर में हजारों लोग हैं जिन्होंने इसे झेला है। किसी का घर जला दिया गया है, किसी की बहन के साथ बलात्कार किया गया है और किसी के भाई और माता-पिता की हत्या कर दी गई है। यह ऐसा है जैसे किसी ने पूरे मणिपुर में मिट्टी का तेल फेंककर आग लगा दी।

मणिपुर पर प्रधानमंत्री का बयान

बता दें कि कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर पीएम नरेंद्र मोदी ने सदन में जवाब दिया था। इस दौरान उन्होंने मणिपुर मामले पर बोलते हुए कहा कि सदन मणिपुर की जनता के साथ है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि मैं मणिपुर के लोगों, माता, भाइयों और बहनों से कहना चाहता हूं कि देश आपके साथ है। यह सदन आपके साथ है। हम सब मिलकर इस चुनौती का समाधान निकालेंगे। मणिपुर विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा, 'नॉर्थ ईस्ट में जहां एक्का-दुक्का सीटें थीं, उनके प्रति सौतेला व्यवहार करने की आदत कांग्रेस के डीएनए में रहा है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत