1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. मोदी को 2024 में पीएम बनाना है तो योगी को 2022 में फिर सीएम बनाना होगा: अमित शाह

मोदी को 2024 में पीएम बनाना है तो योगी को 2022 में फिर सीएम बनाना होगा: अमित शाह

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 29, 2021 05:36 pm IST,  Updated : Oct 29, 2021 05:36 pm IST

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2017 के बाद बीजेपी ने यूपी को उसकी वास्तविक पहचान दिलाई और प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाया।

Amit Shah, Amit Shah Lucknow, Amit Shah Yogi Adityanath, Amit Shah BJP Lucknow- India TV Hindi
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में 'मेरा परिवार-बीजेपी परिवार' नारे के साथ बीजेपी के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। Image Source : TWITTER.COM/AMITSHAH

लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अगले वर्ष के शुरु में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर तमाम अटकलें खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि अगर 2024 में (नरेंद्र) मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में एक बार फ‍िर योगी (आदित्यनाथ) को मुख्यमंत्री बनाना होगा। लखनऊ में शुक्रवार को शाह ने 'मेरा परिवार-बीजेपी परिवार' नारे के साथ भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक/प्रभारियों को संबोधन में कहा कि बीजेपी के लोग जब कमल का झंडा और नारा लेकर चलते हैं तो विपक्षी दलों के दिल दहल जाते हैं।

‘यह चुनाव भारत माता को विश्व गुरु बनाने का चुनाव है’

शाह ने कहा, ‘यह चुनाव भारत माता को विश्व गुरु बनाने का चुनाव है। दीपावली के बाद चुनाव अभियान जोर पकड़ेगा और समर्पण दिखाते हुए कार्यकर्ता इसमें जुट जाएं। 2022 में एक बार फ‍िर बीजेपी को 300 से अधिक सीटें दीजिए। हम उत्तर प्रदेश को देश में नंबर एक राज्य बनाएंगे। मोदी प्रधानमंत्री हैं और वह, उत्तर प्रदेश को जो चाहिए, तुरंत देते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव की नींव 2022 का उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव बनेगा। अभी उत्तर प्रदेश में बहुत कुछ करना है। हम फ‍िर से घोषणापत्र लेकर आएंगे और जो कहेंगे, उसे शत प्रतिशत पूरा करके ही 2027 में फि‍र आपके पास आएंगे।' 

शाह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर बोला हमला
गृह मंत्री ने कहा कि 2017 के बाद बीजेपी ने यूपी को उसकी वास्तविक पहचान दिलाई और प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा ‘बीजेपी ने दिखाया कि सरकारें परिवार के लिए नहीं, सूबे के सबसे गरीब व्यक्ति के लिए होती हैं।’ सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि चुनाव के नगाड़े बज गये हैं और जो घर बैठ गये थे वह लोग नये कपड़े सिलाकर आ गये हैं कि हमारी सरकार बनने जा रही हैं। शाह ने अखिलेश से उनकी विदेश यात्राओं का हिसाब जनता को देने की मांग करते हुए उन पर तंज किया ‘इन लोगों ने शासन स्वयं के लिए, परिवार के लिए और फिर जाति के लिए किया और किसी के लिए नहीं सोचा।’


‘पलायन कराने वालों का ही पलायन हो चुका है’
शाह ने गांधी और वाड्रा परिवार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा 'कुछ लोग ऐसे होते हैं जो चुनावी मेंढक की तरह चुनाव के वक्त बाहर आते हैं बस।’ समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर बरसते हुए शाह ने कहा, ‘यूपी में कई साल तक सपा और बसपा का खेल चलता रहा और प्रदेश बर्बाद हो गया। पश्चिमी यूपी में कैराना से पलायन होता था और लखनऊ में हुक्मरानों को असर नहीं होता था। आज स्थिति अलग है क्योंकि पलायन कराने वालों का ही पलायन हो चुका है।’

‘सपा की सरकार ने राम भक्तों को गोलियों से भूना था’
शाह ने कहा, ‘किसी ने कल्पना नहीं की थी कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा। सपा हमें ताने देती थी कि मंदिर वहीं बनाएंगे तारीख नहीं बताएंगे। लेकिन अब तो मंदिर की नींव रख दी गई। सपा की सरकार ने राम भक्तों को गोलियों से भून दिया था। यही फर्क है परिवारवादी पार्टियों और बीजेपी में।' शाह ने कहा ‘बीजेपी का वादा था कि कश्मीर से धारा 370 हटाएंगे। 2019 में पूर्ण बहुमत मिला और हमने धारा 370 और 35ए को उखाड़ फेंका। भारत माता का मुकुट मणि आज हमेशा के लिए भारत के साथ जुड़ गया और भारत का अभिन्न अंग बन गया।'

‘घोषणा पत्र के 90 प्रतिशत वादे पूरे हो गए हैं’
गृह मंत्री ने विधानसभा चुनाव के लिए जनता से संपर्क कर उनकी इच्छा से चुनाव घोषणा पत्र बनवाने का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा 'जो आप ला कर पार्टी को देंगे, उसे धर्मेंद्र प्रधान (चुनाव प्रभारी) और स्‍वतंत्र देव (प्रदेश अध्यक्ष) संकलित कर घोषणा पत्र बनाएंगे।’ उन्होंने दावा किया कि 2017 के घोषणा पत्र के 90 प्रतिशत वादे पूरे हो गए हैं। शाह ने और केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां और कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जो लक्ष्य संगठन ने तय किया है उसके प्रति समर्पित होकर हर परिवार को बीजेपी परिवार से जोड़ने का कार्य करें।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत