दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के पास गुरुवार शाम को अचानक हुई तेज़ बारिश से जलस्तर बढ़ गया। इससे इलाके में हल्की तीव्रता वाली अचानक बाढ़ आ गई। घटनास्थल के एक वीडियो में तेज़ बारिश के बाद की स्थिति दिखाई दी, जिससे स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों की चिंता बढ़ गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थिति अब सामान्य है। पहाड़ियों से आया पानी उतर गया है। जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है और अधिकारी स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं।
2 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
बता दें कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी, खासकर दक्षिण कश्मीर की पहाड़ियों में 2 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और इससे यात्रा में व्यवधान की आशंका है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति में सुधार होने तक जोखिम वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
देखें वीडियो-
1,795 श्रद्धालुओं का नया जत्था रवाना
वहीं, बता दें कि अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए 1,700 से अधिक श्रद्धालुओं का एक नया जत्था गुरुवार तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू आधार शिविर से रवाना हुआ। 23वें जत्थे में 1,406 पुरुष और 389 महिलाएं सहित कुल 1,795 श्रद्धालु शामिल हैं। यह जत्था 82 वाहनों में सवार होकर तड़के करीब 2.50 बजे भगवती नगर आधार शिविर से बालटाल के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आज के जत्थे के रवाना होने के साथ ही इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू आधार शिविर से प्रस्थान करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 1,32,150 हो गई है।
इस वर्ष यात्रा के लिए रवाना हुआ यह अब तक का सबसे छोटा जत्था है। इससे पहले बुधवार को 2,051, मंगलवार को 3,029 और सोमवार को 3,800 श्रद्धालु जम्मू से अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रवाना हुए थे।
28 अगस्त को संपन्न होगी यात्रा
कुल 57 दिनों तक चलने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त को संपन्न होगी। खराब मौसम के कारण 19 जुलाई से 24 जुलाई तक छह दिनों के लिए स्थगित रहने के बाद यात्रा 25 जुलाई को फिर शुरू हुई थी।
बता दें कि 2 दिन पहले ही जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में अमरनाथ यात्रियों से भरी बस पलट गई थी। इस बस में 39 तीर्थयात्री सवार थे।
यह भी पढ़ें-
VIDEO: कुलगाम में फटा बादल, नाला चोक होने से घर में घुसा पानी; SDRF टीम ने परिवार का किया रेस्क्यू