लगातार बारिश और ताजा भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार को लगातार छठे दिन भी यातायात के लिए बंद रहा। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग बंद होने के कारण आज सुबह किसी भी वाहन को आवाजाही की अनुमति नहीं दी गई।
फंसे हुए वाहनों को निकाला जा रहा
अधिकारी ने कहा, 'शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया था। फंसे हुए वाहनों को निकाला जा रहा है, लेकिन थराड पुल से बल्ली नाला के पास पेट्रोल पंप तक काफी पानी भरा हुआ है।'
वाहन चालकों से की गई अपील
उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों तरफ से यातायात बंद है। फंसे हुए वाहनों को निकालने के लिए टीम को लगाया गया है। वाहनों चालकों से अनुरोध किया गया है कि वह पैनिक न हों जल्द ही जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को खोला जाएगा।
भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे सड़कें, घर और बाजार जलमग्न हो गए हैं।
नदी और नाले ऊफान पर
प्रशासन के अनुसार, नदियों और नालों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिसके चलते निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग और कुलगाम जैसे क्षेत्रों में सबसे ज्यादा प्रभाव देखा जा रहा है। सड़क यातायात ठप होने से कई जगहों पर लोग फंसे हुए हैं और बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है।
(भाषा के इनपुट के साथ)