रांची: झारखंड के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी में दोबारा शामिल होकर 'घर-वापसी' कर ली। बता दें कि उन्होंने पिछले साल ही पार्टी से अपने रिश्ते तोड़ लिए थे और समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। अकेला ने झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रांची स्थित पार्टी मुख्यालय में पार्टी जॉइन की। इनमें विधायक दल के नेता प्रदीप यादव भी शामिल थे।
Related Stories
'उत्तर छोटानागपुर में पार्टी को ताकत मिलेगी'
इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश ने कहा, 'यह हमारे लिए खुशी का मौका है कि हमारे पुराने साथी उमाशंकर अकेला 'घर-वापसी' कर रहे हैं। हम उनका स्वागत करते हैं। उनके जुड़ने से उत्तर छोटानागपुर में पार्टी को ताकत मिलेगी।' अकेला ने 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में बारही सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी, लेकिन 2024 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने कथित तौर पर उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद अकेला ने चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली थी।
'कांग्रेस में कोई पैसों का खेल नहीं है'
अकेला ने बारही सीट से ही 2024 का झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि हार के बावजूद उन्होंने अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए 23,629 वोट बटोरे। कांग्रेस में दोबारा शामिल होने के बाद अकेला ने कहा, 'मैंने गुस्से में कांग्रेस में पैसों का खेल होने की बात कही थी। मैं अपनी उस बात को वापस ले चुका हूं। कांग्रेस में कोई पैसों का खेल नहीं है।' पूर्व विधायक ने आगे कहा कि वे उत्तर छोटानागपुर में पार्टी को मजबूत बनाने का काम करेंगे और 2029 के विधानसभा चुनाव में इस इलाके से पार्टी को ज्यादा से ज्यादा सीटें दिलवाएंगे।