गर्मियों की तेज धूप न सिर्फ हमारी त्वचा को झुलसा देती है, बल्कि हाथों पर एक जिद्दी काली परत भी छोड़ जाती है। अक्सर हम चेहरे का ख्याल तो रख लेते हैं, लेकिन हाथों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे चेहरा और हाथ अलग-अलग रंग के दिखने लगते हैं। ऐसे में टैनिंग की समस्या को दूर करने के लिए लोग पार्लर के महंगे 'डी-टैन' ट्रीटमेंट पर पैसे खर्च करते हैं। लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाकर आप हाथों की टैनिंग से छुटकारा पा सकते हैं।
1. बेसन, हल्दी और दही का उबटन
यह सदियों पुराना नुस्खा टैनिंग हटाने के लिए सबसे बेहतरीन माना जाता है। बेसन त्वचा को एक्सफोलिएट करता है, दही में मौजूद लैक्टिक एसिड टैनिंग को हटाता है और हल्दी एंटी-सेप्टिक का काम करती है। इसके लिए 2 चम्मच बेसन में एक चुटकी हल्दी और 1 चम्मच दही मिलाएं। इस पेस्ट को हाथों पर लगाएं और 20 मिनट के लिए छोड़ दें। सूखने पर हल्के हाथों से रगड़ते हुए इसे साफ करें। इसे हफ्ते में दो बार इस्तेमाल करें।
2. नींबू और शहद का मेल
नींबू एक नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट है जिसमें विटामिन C की भरपूर मात्रा होती है, जो त्वचा को गोरा करने में मदद करती है। शहद त्वचा को हाइड्रेटेड रखता है ताकि नींबू से त्वचा रूखी न हो। इसके लिए एक नींबू के रस में एक चम्मच शहद मिलाएं। इसे अपने हाथों पर लगाएं और 15-20 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें।
3. पपीता और शहद का मास्क
पपीते में 'पपेन' नामक एंजाइम होता है, जो डेड स्किन सेल्स को हटाने और पिगमेंटेशन को कम करने में माहिर है। पके हुए पपीते के एक टुकड़े को मैश करें और उसमें थोड़ा शहद मिलाएं। इस मास्क को टैनिंग वाली जगह पर लगाएं। 30 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। इससे हाथ न सिर्फ साफ होंगे बल्कि बेहद सॉफ्ट भी हो जाएंगे।
4. टमाटर का रस और दही
टमाटर में लाइकोपीन और एसिडिक गुण होते हैं जो सूरज की यूवी किरणों से हुए नुकसान को ठीक करने में मदद करते हैं। टमाटर के गूदे में थोड़ा दही मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे हाथों पर लगाकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। यह जिद्दी टैनिंग को हल्का करने के लिए रामबाण इलाज है।
5. एलोवेरा जेल और मसूर की दाल
अगर आपकी त्वचा धूप से जल गई है या उसमें जलन हो रही है, तो एलोवेरा का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है। मसूर की दाल का पाउडर इसमें स्क्रब का काम करेगा। रात भर भीगी हुई मसूर की दाल को पीस लें और उसमें ताजा एलोवेरा जेल मिलाएं। इसे स्क्रब की तरह इस्तेमाल करें। यह टैन हटाने के साथ-साथ हाथों को ठंडक भी देगा।