1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. चांदी की बिछिया हो गई है काली? इन आसान घरेलू नुस्खों से हो सकते हैं साफ, एक बार ट्राय करके देखें

चांदी की बिछिया हो गई है काली? इन आसान घरेलू नुस्खों से हो सकते हैं साफ, एक बार ट्राय करके देखें

 Written By: Ritu Raj
 Published : Jul 14, 2026 10:15 am IST,  Updated : Jul 14, 2026 10:43 am IST

चांदी की बिछिया पहने पहने काली पड़ जाती है। ये देखने में गंदी लगती है। इन्हें साफ कराने के लिए लोग सुनार के पास जाते हैं लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि कुछ आसान घरेलू नुस्खे की मदद से आप घर पर ही चांदी की बिछिया को आसानी से साफ कर सकते हैं।

चांदी की बिछिया हो गई है काली? इन आसान घरेलू नुस्खों से हो सकते हैं साफ- India TV Hindi
चांदी की बिछिया हो गई है काली? इन आसान घरेलू नुस्खों से हो सकते हैं साफ Image Source : INDIA TV

भारतीय संस्कृति और डेली लाइफस्टाइल में बिछिया का बहुत महत्व है। चांदी की बिछिया पैरों की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ शादीशुदा महिलाओं के लिए सुहाग की निशानी भी होती है। लेकिन लगातार पानी, साबुन, पसीने और धूल-मिट्टी के संपर्क में रहने के कारण चांदी हवा में मौजूद सल्फर से रिएक्ट करती है, जिससे ये धीरे-धीरे काली पड़ने लगती है। अगर आपकी पसंदीदा बिछिया भी काली पड़ गई है और उसकी चमक खो गई है, तो आपको सुनार के पास जाने की जरूरत नहीं है। आप घर में मौजूद कुछ बेहद आसान चीजों की मदद से अपनी बिछिया को चमका सकती हैं। तो चलिए जानते हैं किन घरेलू नुस्खे की मदद से आप इन्हें बिल्कुल नए जैसा चमका सकते हैं। 

1. बेकिंग सोडा और एल्युमिनियम फॉयल

बेकिंग सोडा और एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल कर आप आसानी से चांदी साफ कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में एल्युमिनियम फॉयल बिछाएं। अब इसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा गर्म पानी डालें। इस घोल में अपनी काली पड़ी बिछिया को 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फॉयल पेपर और सोडा मिलकर चांदी की काली परत को सोख लेते हैं। इसके बाद बिछिया को निकालें और साफ पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें। आप देखेंगे कि बिछिया का कालापन कम हो गया है। 

2. टूथपेस्ट का इस्तेमाल
टूथपेस्ट केवल दांतों को ही नहीं, बल्कि चांदी को भी चमकाने का काम करता है। ध्यान रहे कि इसके लिए सफेद टूथपेस्ट का ही इस्तेमाल करें, जेल वाले का नहीं। इसके लिए बिछिया पर थोड़ा सा टूथपेस्ट लगाएं। अब एक पुराने सॉफ्ट ब्रश की मदद से हल्के हाथों से बिछिया को रगड़ें। बिछिया के बारीक डिजाइनों में फंसी गंदगी तुरंत साफ हो जाएगी। इसके बाद इसे साफ पानी से धो लें।

3. सिरका और बेकिंग सोडा
सफेद सिरका चांदी के कालेपन को काटने में बहुत कारगर माना जाता है। इसका घोल तैयार करने के लिए आधा कप सिरके में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इस मिश्रण में अपनी बिछिया को 2 से 3 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। समय पूरा होने पर बिछिया को ठंडे पानी से धो लें और किसी मुलायम सूती कपड़े से सुखा लें। आपकी बिछिया बिल्कुल नई जैसी चमकने लगेगी।

4. डिश वॉश लिक्विड और गुनगुना पानी
अगर बिछिया बहुत ज्यादा काली नहीं है और केवल हल्की मैली है, तो यह नुस्खा सबसे बेस्ट है। हल्के गुनगुने पानी में डिश वॉश लिक्विड या कोई भी माइल्ड शैम्पू मिलाएं। बिछिया को इसमें 10 मिनट के लिए डाल दें। इसके बाद सॉफ्ट ब्रश से रगड़कर साफ पानी से धो लें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल