बाथरूम और वॉश बेसिन तो लोग साफ कर लेते हैं, लेकिन बाथरूम में लगे नल और उसके हैंडल जंग खा रहे होते हैं। कुछ लोगों को नल तो जंग और पानी के निशान से एकदम काले पड़ जाते हैं। अगर हर बार बाथरूम साफ करने के साथ ही नल को साफ करते रहें तो ऐसा नहीं होता है। हालांकि मार्केट में कई तरह के जंग साफ करने वाले और बाथरूम के नलों को क्लीन करने वाले केमिकल मिलते हैं, लेकिन इन्हें लगाने से भी वो रिजल्ट नहीं मिलता जो आप चाहते हैं। अगर आपके बाथरूम के नल भी जंग खा रहे हैं। बर्तन धोने वाली सिंक के नल पर जंग और पानी के दाग लगे हैं तो हम आपको एक असरदार घरेलू उपाय बता रहे हैं। जिससे सिंक का नल और बाथरूम के जंग खा रहे नए भी नए जैसे चमकने लगेंगे। जानिए बाथरूम के नल साफ करने के टिप्स।
बाथरूम और सिंक के नल कैसे साफ करें?
पहला स्टेप- बाथरूम के नलों को साफ करने के लिए आपको जो पेस्ट बनाकर तैयार करना है उसके लिए 1 प्लास्टिक या कांच का बाउल ले लें। इसमें कोई भी सफेद टूथपेस्ट जैसे कोलगेट या दूसरा कोई पेस्ट निकालकर डाल दें। इसमें 1 बड़ा चम्मच खाने वाला सोडा डालें। सोडा और पेस्ट में आधा नींबू का रस निचोड़कर डाल दें। अब कोई पुराना टूथपेस्ट वाला ब्रश लेकर सारी चीजों को मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट जैसा बना लें।
दूसरा स्टेप- अब ब्रश की मदद से जंग खा रहे नलों पर ये पेस्ट अच्छी तरह से लगा दें। आप चाहें तो जो नींबू आपने इस्तेमाल किया है उससे पूरे नल पर पेस्ट लगा दें। अब इसे करीब 15 मिनट ऐसे ही लगाकर छोड़ दें। 15 मिनट के बाद स्क्रबर की मदद से इसे रगड़ते हुए क्लीन करें। स्क्रबर में अगर स्टील के रेशे जैसे हैं तो इससे निशान जल्दी साफ हो जाते हैं। हल्का रगड़ने से ही सारे जंग के निशान और पानी के दाग साफ हो जाएंगे। आप यकीन नहीं कर पाएंगे ये वही पुराने और गंदे नल हैं।