1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. जौ या चना, कौन सा सत्तू खाना चाहिए? गर्मी में पेट के लिए क्या है बेहतर, जानिए

जौ या चना, कौन सा सत्तू खाना चाहिए? गर्मी में पेट के लिए क्या है बेहतर, जानिए

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Apr 21, 2026 10:05 am IST,  Updated : Apr 21, 2026 10:05 am IST

Jau Or Chana Sattu Which Is Healthy: गर्मी आते ही लोग सत्तू का इस्तेमाल करने लगते हैं। सत्तू को पेट के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। लेकिन कुछ लोग चना और जौ के सत्तू को लेकर कंफ्यूज रहते हैं। आइये जानते हैं गर्मी में कौन सा सत्तू खाना चाहिए और पेट के लिए क्या अच्छा है?

चना सत्तू या जौ सत्तू क्या है फायदेमंद- India TV Hindi
चना सत्तू या जौ सत्तू क्या है फायदेमंद Image Source : FREEPIK

Sattu Benefits: गर्मी आते ही डाइट में सत्तू जरूर शामिल कर लेना चाहिए। सत्तू को सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना गया है। इसे गर्मियों का सुपरफूड कहा जाता है। अक्षय तृतीया के बाद लोग सत्तू खाना शुरू कर देते हैं। सत्तू खाने से गर्मी में शरीर और पेट को ठंडक मिलती है। इससे आसानी से पेट भर जाता है और डिहाइड्रेशन से भी बचाव रहता है। बाजार में जौ का सत्तू और चना का सत्तू मिलता है। ऐसे में लोग कंफ्यूज रहते हैं कि कौन सा सत्तू खाना चाहिए। चने का सत्तू या जौ का सत्तू क्या ज्यादा फायदेमंद है। आइये जानते हैं चना और जौ के सत्तू में क्या अंतर है और कौन सा पेट के लिए अच्छा है।

यूपी बिहार से लेकर राजस्थान और अब देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग सत्तू खाते हैं। वैसे सत्तू बिहार और उत्तर प्रदेश में गर्मी में खाई जाने वाली डिश है जिसे लोग सुबह नाश्ते में खाते हैं। सत्तू को पानी और दूध में घोलकर पतला या गाढ़ा अपनी पसंद से खा सकते हैं। सत्तू बनाने के लिए पहले अनाज को पानी में भिगोकर रखते हैं। सुखाने के बाद इसे भूनकर पीसते हैं और तब जाकर सत्तू तैयार होता है। 

जौ या चना, कौन सा सत्तू फायदेमंद है?

जौ और चना दोनों सत्तू आपकी सेहत के लिए अच्छे हैं। दोनों में भरपूर पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं। हां आपके लिए कौन सा सत्तू अच्छा होगा ये आपके शरीर और परेशानियों पर निर्भर करता है। जो लोग पेट की समस्या से परेशान रहते हैं और पाचन कमजोर है उनके लिए जौ का सत्तू अच्छा है। जौ के सत्तू में थोड़ा चना और दूसरे अनाज भी मिले होते हैं। जौ वाला सत्तू डायबिटीज, कब्ज से परेशान, हाई ब्लड प्रेशर और वजन घटाने वालों के लिए अच्छा है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए जौ वाला सत्तू खाना अच्छा है। इसकी तासीर ठंडी होती है। लेकिन अगर आप प्रोटीन की कमी पूरा करने के लिए सत्तू खा रहे हैं तो चना सत्तू अच्छा है। चने का सत्तू वजन भी कम करता है और इम्यूनिटी भी मजबूत करता है। इसमें प्रोटीन ज्यादा होने से लंबे समय तक भूख नहीं लगती है। चने का सत्तू ज्यादा टेस्टी होता है और इससे हड्डियां मजबूत बनती हैं। 

सत्तू खाने के फायदे 

सत्तू शरीर को ठंडक पहुंचाता है। इसे पीने से शरीर में एनर्जी बढ़ती है। सत्तू पीने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है। इसमें प्रोटीन और फाइबर भरपूर होता है। डॉक्टर इसे देसी प्रोटीन पाउडर कहते हैं, जो शरीर में जाकर आसानी से पच जाता है। सत्तू उन लोगों को लिए अच्छा नाश्ता है जो मसल्स बनाना चाहते हैं। इसे खाने के तुरंत बाद शरीर को ऊर्जा मिलती है। सत्तू में फाइबर, आयरन और मैग्नीशियम पाया जाता है। नमकीन सत्तू डायबिटीज में भी फायदेमंद माना जाता है। इससे ब्लड शुगर कंट्रोल रहता है। कोलेस्ट्रॉल के मरीज भी सत्तू का सेवन कर सकते हैं। इसे वजन घटाने से लेकर हार्ट को हेल्दी बनाने तक के लिए अच्छा माना जाता है। लो कैलोरी फूड होने की वजह से सत्तू वजन कम करने में मदद कर सकता है।

सत्तू कैसे खाते हैं?

चना और जौ का सत्तू मीठी और नमकीन दोनों तरह से खाया जाता है। आप चाहें तो इसे पानी में घोलकर नींबू, काला नमक और जीरा पाउडर के साथ मिलाकर खा सकते हैं। इसमें प्याज और पुदीना भी डाल सकते हैं। अगर मीठा पसंद है तो इसमें चीनी या बूरा डालकर भी सत्तू खा सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल