पीले दांत ओरल हाइजीन की कमी का संकेत हो सकते हैं। दांतों का पीलापन मुख्य रूप से दांतों की अच्छी तरह से सफाई न करना, चाय-कॉफी का बहुत ज़्यादा सेवन और धूम्रपान की वजह से बढ़ता है। इसके अलावा दांतों पर जमा प्लाक और बैक्टीरिया सांसों की बदबू की वजह बन सकते हैं। ऐसे में सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन किरण कुकरेजा ने दांतों को साफ रखने और सांसों की बदबू दूर करने के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय बताए हैं।
टूथ पाउडर बनाने के लिए सामग्री:
4 चम्मच नीम पाउडर, 2 चम्मच लौंग पाउडर, 2 चम्मच इलायची पाउडर, 2 चम्मच दालचीनी पाउडर, 2 चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच बारीक पिसा हुआ सेंधा नमक, आधा चम्मच बेकिंग सोडा
घर पर टूथ पाउडर बनाने का तरीका
घर पर टूथ पाउडर बनाने के लिए नीम पाउडर, लौंग पाउडर, इलायची पाउडर, दालचीनी पाउडर, हल्दी पाउडर, सेंधा नमक, बेकिंग सोडा को आपस में मिलाएं। सभी पाउडर को अच्छी तरह से छान लें ताकि कोई मोटा कण न रहें। उसके बाद एक बार फिर से अच्छी तरह मिला लें। अब, इसे एक साफ, सूखे और एयरटाइट कांच के जार में रखें।
क्या है इस्तेमाल का तरीका?
इस्तेमाल करने के लिए थोड़ी सी मात्रा में पाउडर लें। मुलायम टूथब्रश का इस्तेमाल करके 1-2 मिनट तक धीरे-धीरे दांतों पर टूथ पाउडर से ब्रश करें। अच्छी तरह कुल्ला करें। इसके बाद आप अपने रेगुलर टूथपेस्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपको मुंह में छाले हैं, मसूड़े सेंसिटिव हैं, या इनमें से किसी भी चीज़ से एलर्जी है, तो इसका इस्तेमाल न करें।
इन बातों का भी रखें ध्यान
-
दो बार ब्रश: दांतों को हेल्दी रखने के लिए दिन में दो बार ब्रश करना ज़रूरी है। सुबह और रात को सोने से पहले ब्रश करें।
-
जीभ की सफाई है सबसे ज़रूरी: जीभ पर जमे बैक्टीरिया को हटाने के लिए टंग क्लीनर या ब्रश का इस्तेमाल जरूर करें।
-
फ्लॉस का इस्तेमाल: दांतों के बीच फंसा खाना निकालने के लिए रोजाना एक बार डेंटल फ्लॉस का इस्तेमाल करें। हर बार खाने के बाद कुल्ला करना ज़रूरी है और हर 3 महीने में अपना ब्रश बदलना जरूरी है।