1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. घर में पड़े सूखे नारियल से बनाएं शुद्ध नारियल तेल, मिक्सी में पीसकर ऐसे तैयार करें Coconut Oil

घर में पड़े सूखे नारियल से बनाएं शुद्ध नारियल तेल, मिक्सी में पीसकर ऐसे तैयार करें Coconut Oil

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Feb 27, 2026 02:35 pm IST,  Updated : Feb 27, 2026 02:35 pm IST

Home Made Coconut Oil: घर में सूखे नारियल पड़े हैं तो उनसे शुद्ध नारियल तेल बना सकते हैं। सूखे नारियल से प्योर ऑर्गेनिक कोकोनट ऑयल बना सकते हैं। सिर्फ मिक्सी में पीसकर नारियल तेल तैयार कर सकते हैं।

घर में नारियल तेल कैसे बनाएं- India TV Hindi
घर में नारियल तेल कैसे बनाएं Image Source : FREEPIK

अक्सर पूजा-पाठ या किसी फंक्शन के बाद घर में कई नारियल आ जाते हैं। लेकिन अगर आपको सूखा नारियल या उससे बनी मिठाई खाना पसंद नहीं है, तो इन्हें बेकार जाने देने की जरूरत नहीं है। आप इन्हीं सूखे नारियलों से घर पर बिल्कुल शुद्ध और खुशबूदार नारियल का तेल बना सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि घर का बना यह तेल कई महीनों तक खराब नहीं होता। इसकी महक इतनी प्यारी होती है कि पूरे घर में खुशबू फैल जाती है। आप इस तेल को चेहरे या बालों में लगाएं, दोनों में अच्छी चमक आ जाती है। चाहें तो इसे खाने में भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इतना प्योर तेल स्किन और हेयर के लिए इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर रहता है।

घर में नारियल तेल बनाने का तरीका

सबसे पहले जितने भी नारियल हैं, उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। टुकड़े लगभग वैसे ही रखें जैसे सब्जी काटते हैं। अब इन्हें करीब 2 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इससे नारियल थोड़ा नरम हो जाएगा और पीसने में आसानी होगी।

मिक्सी में नारियल कैसे पीसें?

पहला स्टेप- अब 1 कप कटे हुए नारियल के टुकड़े लें और लगभग उतना ही पानी डालें। मिक्सी को लगातार चलाते हुए नारियल को जितना हो सके बारीक पीस लें, ताकि अच्छी प्यूरी बन जाए। इसके बाद किसी साफ सूती या मलमल के कपड़े की मदद से इस पिसे हुए नारियल का दूध निकालें। कपड़े में डालकर अच्छे से कसकर निचोड़ें, ताकि सारा दूध निकल जाए। यही प्रक्रिया तब तक दोहराएं जब तक पूरा नारियल इस्तेमाल न हो जाए। जो बुरादा बच जाए, उसे फेंकने की जरूरत नहीं है। आप उसे सुखाकर नारियल पाउडर की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

नारियल के दूध से तेल कैसे निकालें?

दूसरा स्टेप- अब जो नारियल का दूध निकला है, उसे 15 घंटे या पूरी रात के लिए फ्रिज में रख दें। अगले दिन आप देखेंगे कि ऊपर गाढ़ी मलाई जम गई है और नीचे पानी अलग हो गया है। ऊपर जमी इस मलाई को किसी भारी तले की कढ़ाई में डालकर गैस पर चढ़ा दें। इसे मध्यम आंच पर उबालें। यह प्रक्रिया बिल्कुल दूध की मलाई से घी बनाने जैसी है। करीब 1 घंटे तक पकाएं या तब तक जब तक मलाई से तेल पूरी तरह अलग न हो जाए और हल्का भूरा अवशेष न दिखने लगे। अब इसे फिर से सूती या मलमल के कपड़े से छान लें। आपका बिना किसी मशीन के तैयार शुद्ध होममेड नारियल तेल तैयार है। करीब 4 नारियल से लगभग 300–400 ग्राम तेल निकल सकता है। इसे साफ कांच की बोतल या स्टील के डिब्बे में स्टोर करें और जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल