रमजान के महीने में लोग खजूर जरूर खाते हैं। खजूर पूरी सेहत के लिए अच्छा मेवा माना जाता है। मिठास के लिए खजूर का इस्तेमाल कई डिश में किया जाता है। खजूर पूरी तरह से प्राकृतिक होते हैं। बाजार में कई तरह के खजूर मिलते हैं। जिसमें किमिया, मेदजूल नूर, डिगलेट नूर खजूर, सुक्करी खजूर और अजवा खजूर जैसी कई किस्में शामिल हैं। लेकिन अजवा खजूर को प्रीमियम और प्राचीन खजूर की प्रजाति माना गया है। इसका स्वाद बहुत अच्छा होता है। ये खजूर खाने में मीठे, पतले छिलके वाले और गूदे से भरपूर होते हैं। आपको एक बार इस खजूर को जरूर ट्राई करना चाहिए।
अजवा खजूर का स्वाद और कहां उगता है?
पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा खजूर सऊदी असर में उगाया जाता है। अजवा खजूर भी मदीना में उगाया जाता है। खजूर की ये प्रजाति काफी अच्छी मानी जाती है। अजवा खजूर फल छोटा और काले रंग का होता है, जिसकी त्वचा पतली और गूदा ज्यादा होता है। ये खजूर काफी मीठा होता है इसलिए इसका इस्तेमा अक्सर मिठाइयों में किया जाता है। अजवा खजूर को दुनिया की सबसे बेहतरीन खजूरों में से एक माना जाता है।
अजवा खजूर के फायदे
हार्ट के लिए फायदेमंद- इस खजूर को हार्ट के लिए अच्छा माना जाता है। अजवा खजूर में विटामिन बी होता है, जो खून में हानिकारक होमोसिस्टीन के स्तर को कम करने में अहम भूमिका निभा सकता है। इन खजूरों में पाया जाने वाला मैग्नीशियम हार्ट की रिदम को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
हड्डियों और दांतों को बनाए मजबूत- खजूर का सेवन करने से शरीर को कैल्शियम और फास्फोरस मिलता है। अजवा खजूर में ये दोनों पोषक तत्व भरपूर होते हैं। इन्हें खाने से हड्डियों और दांतों को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। कैल्शियम की कमी को दूर करने और हड्डियों को मजबूत बनाने और दर्द से राहत पाने के लिए आप इनका सेवन करें।
डायबिटीज में खजूर- अगर आप गंभीर डायबिटीज के मरीज हैं तो बिना डॉक्टर की सलाह के खजूर न खाएं। हालांकि खजूर में ग्लूकोज, फ्रक्टोज और सुक्रोज जैसी नेचुरल शुगर होती है जो एनर्जी को तुरंत बढ़ाती हैं। अजवा खजूर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स लो है तो इसे सीमित मात्रा में खा सकते हैं।
इम्यूनिटी बढ़ाए- अजवा खजूर में एंटीऑक्सीडेंट काफी होते हैं। इसमें पाए जाने वाला सेलेनियम और अन्य आवश्यक पोषक तत्व कैंसर से बचाव में भी सहायक हो सकते हैं। अपने रोजाना की डाइट में खजूर शामिल करें। इससे शरीर में ताकत आएगी और रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार होगा। संक्रमणों से लड़ने और शरीर के स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।
गर्भावस्था में खजूर- प्रेगनेंसी में खजूर खा सकते हैं। अगर आपको कोई संदेह है तो एक बार डॉक्टर की सलाह लेकर खजूर खा सकते हैं। गर्भावस्था के दौरान नियमित रूप से अजवा खजूर खाने से गर्भाशय की मांसपेशियों को सक्रिय करने में मदद मिलती है। इससे आयरन की कमी को दूर करने और हीमोग्लोबिन बनाए रखे में मदद मिलती है।
अजवा खजूर की कीमत
अजवा खजूर की कीमत करीब 1500 रुपए किलो के आसपास है। आपको करीब 700 या 800 रुपए में अजवा खजूर मिल जाएगा। आप भारत में ऑनलाइन इसे खरीद सकते हैं। किसी भी स्टोर से जाकर अजवा खजूर खरीद सकते हैं।
Disclaimer: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।