गर्मियां आते ही दूध फटने की समस्या परेशान करने लगती है। अचानक तापमान बढ़ने खाने-पीने की चीजें खराब होने लगती है। गर्मी में दूध फटना एक आम परेशानी है। अगर सही तरीके से दूध को उबाला न जाए या फिर ठीक से स्टोर किया जाए तो दूध फट जाता है। जिन लोगों के घरों में फ्रिज नहीं है या लाइट बहुत लंबे समय तक नहीं आती वहां दूध को स्टोर करना बड़ी समस्या बन जाता है। आज हम आपको ऐसे कुछ टिप्स बता रहे हैं जिससे दूध बिल्कुल भी नहीं फटेगा। बिना फ्रिज को भी दूध 24 घंटे बिना खराब हुए आसानी से चल जाएगा। इसके लिए आपको दूध उबालने से लेकर स्टोर करने तक के लिए कुछ खास टिप्स को ध्यान में रखना होगा।
दूध को फटने खराब होने से बचाने के टिप्स
उबालना है जरूरी- गर्मी के दिनों में दूध को 1 बार उबालना ही काफी नहीं है। अगर फ्रिज में दूध को स्टोर नहीं कर रहे हैं तो दिन में 3-4 बार दूध को उबाल लगवाएं। इससे दूध खराब नहीं होगा और 24 घंटे तक नहीं फटेगा। जब दूध उबालें तो गैस कम रखें और दूध में 2-3 बार उबाल आने दें। दूध को किसी जाली से ढक दें। गर्म दूध को पूरी तरह से ढकने से जल्दी खराब हो सकता है।
पानी में रखें- दूध को खराब होने से बचाने के लिए पहले अच्छी तरह से उबाल लें। अब दूध को जाली से ढककर किसी पानी के बर्तन में रख दें। किसी बड़े बर्तन में पानी भर लें और उसमें दूध का बर्तन रख दें। इसे पंखे के नीचे या हवादार जगह पर रखें। हवा से पानी ठंडा होता रहेगा और दूध लंबे समय तक खराब नहीं होगा। 5-6 घंटे बाद दूध को फिर से उबालकर ठंडा होने पर पानी में रख दें।
बेकिंग सोडा- कई बार दूध को तुरंत उबालने का समय नहीं होता या उबालना भूल जाते हैं, ऐसी स्थिति में दूध में थोड़ा बेकिंग सोडा दाल दें। इससे उबालते वक्त दूध नहीं फटेगा। दूध को उबलने के लिए गैस पर रख दें और 1 चुटकी बेकिंग सोडा डालकर चम्मच से मिला दें। इस ट्रिक को अपनाने से कच्चा दूध उबालने पर नहीं फटेगा। ध्यान रखें बेकिंग सोडा ज्यादा न डालें।
दूध के पैकेट को खराब होने से कैसे बचाएं- शहरों में लोग दूध के पैकेट में खरीदकर लाते हैं और इस्तेमाल करते हैं। ये पैकेट दुकानों में ठंडी जगह पर स्टोर होते हैं। अगर आप दूध को तुरंत नहीं उबाल रहे हैं तो इसे किसी जूट वाले बैग में बंद करके रखें और जूट बैग को गीला करते रहें। आप पैकेट को ठंडे पानी में डालकर रखें। इससे दूध को 5-6 घंटे खराब होने से बचाया जा सकता है।