1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. मोबाइल देखकर खाना खाने से क्या नुकसान होता है?

मोबाइल देखकर खाना खाने से क्या नुकसान होता है?

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : May 19, 2026 08:51 am IST,  Updated : May 19, 2026 08:51 am IST

Side Effects Of Watching Mobile While Eating: क्या आपको भी मोबाइल फोन देखकर खाना खाने की आदत है। आपका बच्चा भी फोन के बिना खाना नहीं खाता है। जानिए फोन या टीवी देखकर खाना खाने से क्या नुकसान होता है।

फोन देखकर खाने के नुकसान- India TV Hindi
फोन देखकर खाने के नुकसान Image Source : INDIA TV

आजकल बड़े और बच्चे सभी मोबाइल या टीवी देखकर खाना खाते हैं। डिजिटल दुनिया में खाने की टेबल से लेकर बाथरूम तक में फोन पहुंच चुका है। लोग सुबह उठते ही स्क्रीन देखने लगते हैं और रात सोते वक्त भी घंटों फोन स्क्रॉल करते हैं। अगर आप फोन देखकर खाना खाते हैं तो ध्यान थाली पर नहीं, बल्कि मोबाइल पर होता है। ये आदत भले ही सीधे तौर पर कोई बड़ा नुकसान न पहुंचाए लेकिन धीरे-धीरे शरीर में कई समस्याएं पैदा कर सकती है। इससे आपका पाचन और पूरा स्वास्थ्य प्रभावित होता है। आयुर्वेद में भोजन सिर्फ पेट भरने की क्रिया नहीं है, बल्कि इससे शरीर और मन दोनों को पोषण मिलता है। लेकिन जब आप फोन में ध्यान लगाकर खाना खाते हैं तो ध्यान भटक जाता है। जानिए मोबाइल फोन देखकर खाने खाने से क्या नुकसान होते हैं?

मोबाइल देखकर खाने की आदत

खाने के साथ मोबाइल देखना लोगों की आदत बन गई है। कुछ लोगों को तो समझ नहीं आता कि बिना देखे कैसे खाना खाएं। स्क्रीन देखे बिना उन्हें खाना अधूरा सा लगता है। धीरे-धीरे ये आपकी आदत में शुमार हो जाता है। इससे न तो खाने का स्वाद पता चलता, न रंग पता चलता, न ये पता चलता कि हमने कितना खा लिया है, बच्चों को तो ये भी पता नहीं चलता कि हम क्या खा रहे हैं। ये आदत अनजाने में पाचन, संतुष्टि और खाने की लय को प्रभावित करती है।

पाचन की समस्या- जब आपका दिमाग कहीं और व्यस्त होता है और शरीर कुछ और कर रहा होता है तो इससे शरीर में असंतुलन पैदा होता है। फोन देखकर खाना से पाचन शक्ति कमजोर होती है। इससे भूख के नेचुरल लक्षण और पेट भरने का अहसास नहीं हो पाता है।ध्यान भटकने की वजह से खाना ठीक से चबाते नहीं हैं और पेट में भारीपन महसूस होता है। ये आदत कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा करती है। 

ज्यादा या कम खाना- जब आप मोबाइल फोन पर ध्यान लगाते हैं तो आपको समझ नहीं आता कि पेट कब भर गया है। आपको कितना खाना चाहिए। आपको भूख और पेट की जरूरतों का अंदाजा नहीं हो पाता है। ऐसे में कुछ लोग ज्यादा खा जाते हैं और कुछ कम खाकर ही खाना बंद कर देते हैं।

गैस और अपच की समस्या- जब आपका अधूरा पाचन रहेगा तो इससे गैस, एसिडिटी और पेट की परेशानियां भी बढ़ेगी। ऐसा करने से खाना ठीक से पचता नहीं है और कई बार ज्यादा कैलोरी लेने की वजह से आपका वजन भी बढ़ने लगता है।

मानसिक थकान- लगातार स्क्रीन देखने से दिमाग को आराम नहीं मिलता और ऐसी स्थिति में मानसिक थकावट और चिड़चिड़ापन भी महसूस होता है। खासतौर से बच्चों को खाने के समय फोन देखने से चिड़चिड़ापन और बढ़ जाता है। इससे खाने में रुचि नहीं आती और बच्चों को खाने का अहसास नहीं हो पाता।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल