मखाने के सफेद और छोटे-छोटे दाने आपको भरपूर फायदा दे सकते हैं। इससे आपकी स्नैकिंग की खराब हो रही आदत में भी सुधार आएगा और शरीर को ताकत मिलेगी। भुने हुए मखाने शरीर में पोषक तत्वों की कमी को पूरा करते हैं। अगर आप 1 कप सूखे कमल के बीज यानि मखाने खाते हैं तो इससे अच्छी मात्रा में प्रोटीन, पोटेशियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व मिलते हैं। मखाना वजन घटाने में असरदार है। इसमें काफी मात्रा में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। आइये जानते हैं 100 ग्राम मखाने में क्या क्या पाया जाता है। मखाने को सेहत के लिए सुपरफूड क्यों माना गया है।
100 ग्राम मखाने में पोषक तत्व
डाइटिशियन स्वाति सिंह की मानें तो अगर आप करीब 100 ग्राम मखाना खाते हैं तो इससे शरीर को 9.7g प्रोटीन, 76.9g कार्बोहाइड्रेट, 14.5g फाइबर, 60 मिग्रा कैल्शियम, 67 मिग्रा मैग्नीशियम, 500 मिग्रा पोटैशियम, 188 मिग्रा फॉस्फोरस, 347-356 कैलोरी मिलती है। यानि शरीर के लिए सभी जरूरी पोषक तत्व और ढेर सारे मिनरल आपको मखाना खाने से मिल जाते हैं।
मखाने को क्यों कहा जाता है सुपरफूड?
पोषण का भंडार- मखाना पोषक तत्वों का भंडार है। इसमें फैट की मात्रा न के बराबर होती है। मखाने में कार्बोहाइड्रेट काफी ज्यादा होता है जो एक बेहतरीन स्नैक का काम करता है। मखाना खाने से बाद आपको काफी हल्का महसूस होता है और शरीर को भरपूर ऊर्जा मिलती है।
प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर- मखाना खाने से शरीर को काफी अधिक मात्रा में प्रोटीन और कैल्शियम मिल जाता है जो हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। मखाना में लाइसिन जैसे जरूरी अमीनो एसिड पाए जाते हैं, जो मांसपेशियों को ठीक होने में मदद करते हैं।
चयापचय स्वास्थ्य बनाए बेहतर- मखाना खाने से सूजन के लक्षणों को काफी कम किया जा सकता है। इससे दूसरी चयापचय संबंधी समस्याओं से भी बचाव किया जा सकता है। मखाने में केम्फेरोल और फ्लेवोनोइड जैसे कंपाउंड होते हैं जो सूजन को कम करने और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से लड़ने में मदद करते हैं।
ब्लड शुगर को कंट्रोल करे- मखाना डायबिटीज के रोगियों के लिए फायदेमंद है। मखाना शुगर को धीरे-धीरे तोड़ता है, जिससे एनर्जी स्टेबल रहती है और शुगर तेजी से नहीं बढ़ता। मखाना खाने से दिल और हड्डियां मजबूत होती है, इससे मांसपेशियों का काम बेहतर होता है और अच्छी नींद आती है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)