1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर पर बनाइए रेस्टोरेंट जैसी गार्लिक ब्रेड, हर सामान किचन में है मौजूद

घर पर बनाइए रेस्टोरेंट जैसी गार्लिक ब्रेड, हर सामान किचन में है मौजूद

 Written By: India TV Lifestyle Desk
 Published : May 07, 2020 07:59 pm IST,  Updated : May 07, 2020 08:45 pm IST

रेस्टोरेंट जैसी गार्लिक ब्रेड अब आप आसानी से घर पर बना सकती हैं। ये न केवल बच्चों बल्कि बड़ों को भी बहुत पसंद आएगी।

How to Make home made restaurants like garlic bread, everything is in the kitchen,घर पर बनाइए रेस्टो- India TV Hindi
How to Make home made restaurants like garlic bread, everything is in the kitchen,घर पर बनाइए रेस्टोरेंट जैसी गार्लिक ब्रेड, हर सामान किचन में है मौजूद, रेस्टोरेंट जैसी गार्लिक ब्रेड अब आप आसानी से घर पर बना सकती हैं। ये न केवल बच्चों बल्कि बड़ों को भी बहुत पसंद आएगी।  Image Source : INDIA TV

लॉकडाउन हुए काफी वक्त बीत चुका है। लोगों को अब घरों पर रहने की आदत पड़ चुकी हैं। लेकिन ये चटोरी जीभ कुछ न कुछ खाने की तलाश में रहती है। वैसे तो भले ही ज्यादातर लोगों को रेस्टोरेंट का खाना रास न आए, पर अब वो भी रेस्टोरेंट के खाने को मिस कर रहे हैं। वहीं बच्चों और बड़ों की बात करें तो उनका भी मन रोजाना वही दाल-रोटी खाते-खाते ऊब चुका है। ऐसे में आज हम आपको महज 10 मिनट में बनने वाली रेस्टोरेंट जैसी गार्लिक ब्रेड की रेसिपी बताएंगे। ये स्वाद और दिखने दोनों में रेस्टोरेंट की गार्लिक ब्रेड से किसी भी एंगल से कम नहीं लगेगी। 

बनाने के लिए जरूरी चीजें

ब्रेड (मैदा वाली)
मॉजरेला चीज दो या तीन (क्यूब वाले)
ओरिगैनो
चिली फ्लेक्स
मक्खन 
लहसुन के टुकड़े (छिले हुए)
कटी हुई धनिया की पत्ती

Recipe : बनाने की विधि

सबसे पहले लहसुन के टुकड़े लेकर उन्हें छील लें। ध्यान रखें कि गार्लिक ब्रेड में सबसे अहम हिस्सा लहसुन ही होता है। इसलिए आप सबसे पहले ये सुनिश्चित कर लें कि आपको कितनी गार्लिक ब्रेड बनानी है। अगर आपको दो गार्लिक ब्रेड बनानी है तो उसके लिए आपको चार से पांच लहसुन के टुकड़ों की आवश्यकता होगी। लहसुन के टुकड़ों को छीलकर उन्हें धो लें। इसके बाद उसे अच्छी तरह से बारीक कूट लें। अब कुटे हुए लहसुन में थोड़ा सा ओरिगैनो, चिली फ्लेक्स मक्खन और कटी हुई धनिया की पत्ती को मिला लें। 

इस पेस्ट में आपको नमक डालना नहीं पड़ेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि मक्खन थोड़ा नमकीन होता ही है। अब इस पेस्ट को अलग रख दें। इसके बाद चीज के दो से तीन क्यूब लें। अब इन क्यूब को कद्दूकस से हल्के हाथों से कसें। याद रहे कि एक गार्लिक ब्रेड बनाने में आपको दो ब्रेड का इस्तेमाल करना होगा। 

अब एक ब्रेड की स्लाइस लें। इस स्लाइस पर लहसुन का जो पेस्ट बनाया था वो लगाएं। इस पेस्ट को लगाते वक्त ध्यान रखें कि पेस्ट स्लाइस के ऊपर अच्छी तरह से लगा हो। अब ब्रेड का दूसरा स्लाइस लें और उस पर कद्दूकस किया हुआ चीज अच्छे से फैला दें। इसके बाद इस चीज वाले ब्रेड के स्लाइस के ऊपर लहसुन के पेस्ट लगी हुई ब्रेड को रखें। 

इस ब्रेड के स्लाइस को रखते वक्त ये ध्यान रखें कि लहसुन वाला हिस्सा ऊपर की तरफ रहे। अब आपके पास नॉन स्टिक तवा हो तो उसे लें या फिर साधारण तवे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब तवे को गैस पर रखकर गैस को ऑन करें। इसके बाद लहसुन का पेस्ट लगा हुआ ब्रेड का हिस्सा तवे पर रख दें। यानी कि आपने जिस हिस्से पर लहसुन लगाया है उसे आंच की तरफ उलट कर रख दें। आपको इसमें किसी भी तरह का तेल या फिर घी इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि लहसुन के पेस्ट में मक्खन मिला हुआ है। इस मक्खन से ही ब्रेड पकनी शुरू हो जाएगी। 

ये प्रक्रिया करते वक्त गैस को धीमी आंच पर ही रखें वरना ब्रेड जल सकती है। अब आप देखेंगे कि धीरे-धीरे ब्रेड सिकने लगेगी। ब्रेड के थोड़ा ब्राउन होते ही अब उसे पलट दें। दूसरी तरफ भी अब लहसुन और मक्खन वाला पेस्ट लगाएं और धीरे-धीरे सिकने दें। जैसे ही दूसरी तरफ वाला हिस्सा भी हल्का ब्राउन हो जाएगा तो उसे तवे से उतार लें। इसके बाद छुरी की सहायता से तवे से उतरी हुई ब्रेड के दो हिस्से कर दें। आपकी रेस्टोरेंट जैसी गार्लिक ब्रेड एकदम तैयार है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल