पिगमेंटेशन यानी झाइयां एक बहुत कॉमन स्किन प्रॉब्लम है। लेकिन ये सुंदरता में सेंध लगा देती है। पिगमेंटेशन मुख्य रूप से त्वचा में मेलेनिन के अधिक उत्पादन, धूप की हानिकारक यूवी किरणों, हार्मोनल बदलाव और तनाव के कारण होती है। पिगमेंटेशन से छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। वहीं कुछ लोग इन्हें कम करने के लिए लोग अक्सर नींबू, एलोवेरा या अन्य घरेलू नुस्खे आजमाते हैं। लेकिन क्या ये तरीके पूरी तरह त्वचा के रंग को साफ करते हैं? डॉ. दीपाश्री आर, सलाहकार त्वचा विशेषज्ञ, केआईएमएस अस्पताल, महादेवपुरा, बेंगलुरु बता रही हैं कि क्या घरेलू नुस्खे का इस्तेमाल कर इसे पूरी तरह कम किया जा सकता है।
त्वचा रोग विशेषज्ञ कहते हैं कि इसका जवाब है धब्बों के कारण पर निर्भर करता है। सही देखभाल से इन धब्बों को कम किया जा सकता है, लेकिन सभी घरेलू नुस्खे त्वचा के लिए सुरक्षित नहीं होते। इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखने की जरूरत होती है।
धूप से बचाव बहुत जरूरी
धूप में ज्यादा समय बिताने से त्वचा में मेलेनिन का उत्पादन बढ़ सकता है, जिससे काले धब्बे गहरे हो सकते हैं। इसलिए घर से बाहर निकलते समय आवश्यकता होती है कि आप SPF 30 या उससे अधिक के ब्रॉड स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं। बाहर रहते समय इसे हर दो घंटे में दोबारा लगाएं। छाता, टोपी और छाया का इस्तेमाल करने से त्वचा को अच्छी तरह से सुरक्षा मिलती है।
नींबू लगाने से बचें
नींबू के रस का इस्तेमाल चेहरे के दाग धब्बे हटाने के लिए बहुत आम है। लेकिन नींबू का रस त्वचा में जलन ला सकता है। इसके साथ ही धूप में रहने पर त्वचा की प्रतिक्रिया बर्दाश्त करना मुश्किल हो सकता है। इससे दाग धब्बे बराबर बढ़ सकते हैं। इसलिए चेहरे पर नींबू या अन्य तेज चीजें लगाने से बचें।
एलोवेरा से मिलेगी नमी, लेकिन दाग हटने की गारंटी नहीं
एलोवेरा त्वचा को नमी देता है और रूखापन घटाता है। फिर भी, पिगमेंटेशन हटाने में एलोवेरा कितना कारगर होगा इसकी कोई गारंटी नहीं है। किसी भी चीज को चेहरे पर लगाने से पहले, त्वचा के छोटे हिस्से पर रखकर चेक करें।
मुंहासों को दबाना पड़ सकता है भारी
मुंहासों को बार-बार छूने, दबाने या खुरचने से त्वचा में सूजन बढ़ती है। फिर काले निशान बन सकते हैं। हल्के क्लींजर से चेहरे को साफ करें, मॉइस्चराइज़र लगाएं, और त्वचा को जोर से रगड़ने से बचें।
कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?
अगर दाग या धब्बे लगातार बढ़ रहे हैं या कई महीनों तक गायब नहीं हो रहे हैं, तो त्वचा विशेषज्ञ से बात करना चाहिए। मेलाज्मा, मुंहासों के बाद बनने वाले निशान और अन्य त्वचा समस्याओं का इलाज अलग-अलग होता है। डॉक्टर आपकी स्थिति के हिसाब से विशेष क्रीम, दवाएं या अन्य उपचार सुझा सकते हैं।
पिगमेंटेशन के लिए सबसे जरूरी बात
पिगमेंटेशन को कम करने का एक घरेलू उपाय सभी के लिए काम नहीं करता। धूप से बचाव, त्वचा की नियमित देखभाल और सही उपचार सबसे जरूरी है। बिना जानकारी के घरेलू नुस्खे आजमाने से समस्या बढ़ सकती है।