1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. भिंडी दो प्याजा रेसिपी, एकदम मसालेदार और चटपटा स्वाद, एक-एक भिंडी खिली-खिली बनेगी

भिंडी दो प्याजा रेसिपी, एकदम मसालेदार और चटपटा स्वाद, एक-एक भिंडी खिली-खिली बनेगी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Aug 06, 2026 10:02 am IST,  Updated : Aug 06, 2026 10:02 am IST

भिंडी की सब्जी में कोई नया स्वाद लाना है तो एक बार भिंडी दो प्याजा बनाकर जरूर खाएं। ये सब्जी एकदम चटपटी और मसालेदार बनेगी और स्वाद ऐसा कि आप बार-बार बनाकर खाएंगे। आइये जानते हैं भिंडी दो प्याजा की रेसिपी।

भिंडी दो प्याजा रेसिपी- India TV Hindi
भिंडी दो प्याजा रेसिपी Image Source : INDIA TV

गर्मी और बारिश के दिनों में भिंडी की सब्जी खूब बनाई और बड़े शौक से खाई जाती है। भिंडी की सब्जी खाने में काफी टेस्टी लगती है अगर इसे अच्छी तरह से बनाया जाए। लेकिन कुछ लोगों की भिंडी की सब्जी चिपचिपी बनती है। जबकि खिली-खिली भिंडी की सब्जी का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। अगर आपको भिंडी की कुछ नई और मजेदार रेसिपी बनानी है तो एक बार भिंडी को प्याजा बनाकर खाएं। ये खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगती है और इसे आप झटपट बना सकते हैं। सबसे खास बात ये भिंडी एकदम मसालेदार बनती है जिसका एक एक टुकड़ा खिला हुआ रहता है। बिना चिपके इतनी टेस्टी भिंडी बनती है कि खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे।

भिंडी दो प्याजा रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले 300 ग्राम के करीब भिंडी लें और इन्हें आधा इंच के जितने बड़े टुकड़ों में काट लें। भिंडी को बनाने से पहले ही धोकर रख दें, जिससे भिंडी में पानी न रहे। अगर आप तुरंत धोकर भिंडी बना रहे हैं तो किसी कपड़े से धुली हुई भिंडी को पोंछ दें, जिससे सारा पानी सूख जाए।

दूसरा स्टेप- अब कड़ाही में तेल डालें और इसमें सीधे कटी हुई भिंडी डाल दें। भिंडी को आपको थोड़ा पकने तक इसी तरह चलाते हुए और बिना ढके कुक करना है। अब भिंडी को कड़ाही से निकाल लें और जो तेल बचा है उसमें 1 बड़ा प्याज मोटा कटा हुआ और प्याज की सारी परत अलग-अलग करके डाल दें। प्याज को हल्का भूनें और निकाल लें।

तीसरा स्टेप- कड़ाही में थोड़ा सरसों का तेल डालें। इसमें जीरा, 1 बारीक कटा प्याज डालकर पकाएं। इसमें आधा चम्मच हल्दी और 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च डाल दें। अब इसमें 1 बड़ा टमाटर पीसकर डाल दें। थोड़ा नमक डालें और मसाले को चलाते हुए भून लें। इसमें 1 चम्मच धनिया पाउडर और तीखा करने वाली लाल मिर्च डाल दें। सारी चीजों को मिलाकर हल्का भूनें और फिर थोड़ा पानी डालकर मसाले को कुछ देर और भून लें।

चौथा स्टेप- तैयार मसाले में फ्रई की गई भिंडी और प्याज मिला दें। ऊपर से स्वादानुसार नमक डाल दें। आमचूर पाउडर, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालकर भिंडी दो प्याजा को पूरी, रोटी या पराठे के साथ गर्मागरम सर्व करें। इसका चटपटा स्वाद सभी को खूब पसंद आएगा। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल