1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सर्दियों में रोज 1 लड्डू खाएंगे तो सारे दर्द रफूचक्कर हो जाएंगे, घुटनों, कमर और जोड़ों के दर्द में मिलेगा आराम

सर्दियों में रोज 1 लड्डू खाएंगे तो सारे दर्द रफूचक्कर हो जाएंगे, घुटनों, कमर और जोड़ों के दर्द में मिलेगा आराम

 Written By: Bharti Singh
 Published : Oct 21, 2025 06:33 pm IST,  Updated : Oct 21, 2025 06:33 pm IST

Knee Joint Pian Remove Laddu Recipe: ठंड आते ही लोग जोड़ों के दर्द, घुटनों में दर्द, कमर में दर्द से परेशान रहते हैं। ऐसे में रोज एक ये लड्डू खाएंगे तो सारे दर्द रफूचक्कर हो जाएंगे। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

जोड़ों का दर्द दूर करने के लिए लड्डू- India TV Hindi
जोड़ों का दर्द दूर करने के लिए लड्डू Image Source : FREEPIK

मौसम में हल्की ठंडक आ गई है। इन दिनों सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। हल्दी सर्दियों में ही जोड़ों में दर्द की समस्या होने लगती है। कमर अकड़ने लगती है और पैर जाम होने लगते हैं। चलना फिरना भी मुश्किल हो जाता है। अगर आप इन समस्याओं से बचना चाहते हैं तो रोज 1 लड्डू खाएं। ये लड्डू कोई साधारण मिठाई वाला लड्डू नहीं है बल्कि ये दर्द भगाने वाला लड्डू है। इसे खासतौर से ठंड के दिनों में बनाया और खाया जाता है। इसमें ड्राई फ्रूट्स, गोंद, असली, मेथी और सौंठ मिलाकर तैयार किया जाता है। रोजाना सिर्फ एक लड्डू खाने से ही आपके शरीर के सारे दर्द रफूचक्कर हो जाएंगे। इस लड्डू को खाने से शरीर गर्म रहेगा। जान लें मेथी और सौंठ के लड्डू बनाने की रेसिपी। 

मेथी के लड्डू बनाने की रेसिपी

सामग्री- लड्डू बनाने के लिए आपको 3/4 कप मेथी दाना लेना है इसे पानी से धोने के बाद दूध में भिगो दें। करीब 500 ग्राम गुड़, 1 कप बेसन, 1 कप गेहूं का आटा, 1 कप देसी घी, आध कप गोंद, 2 टीस्पून सौंठ, आध कप काजू, आध कप अखरोट, आध कप बादाम और खुशबू के लिए पिसी हरी इलायची का पाउडर लेना है।

पहला स्टेप- लड्डू बनाने के लिए मेथी को करीब 2 कप दूध में अच्छी तरह से भिगो दें। आप चाहें तो मेथी को पहले पीसकर भी दूध में भिगो सकती हैं। मेथी को अगर साबुत भिगोया है तो उसे मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। 

दूसरा स्टेप- एक कड़ाही में घी डालें और उसमें बादाम डालकर भून लें। गैस की मीडियम फ्लेम पर कर लें और बादाम को चलाते हुए भून लें। अब इसी कड़ाही में काजू को भी हल्का भून लें। इसके बाद अखरोट भून लें। अब गोंद की धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भून लें। गोंद अंदर तक भुन जाना चाहिए। जिससे खाने में चिपचिपा न लगे।

तीसरा स्टेप- अब बचे घी में पिसी मेथी डाल दें और लगातार चलाते हुए मेथी को भूल लें। अगर घी बहुत कम लगे तो थोड़ा और घी डाल लें और मेथी को हल्का भून लें। मेथी भुनने पर घी छोड़ने लगेगी। अब सौंठ पाउडर डालकर मेथी को थोड़ा और भून लें। मेथी को निकालने के बाद इसी कड़ाही में आटा और बेसन मिलाकर भून लें। इसमें बचा हुआ घी डाल दें। अगर घी कम लगे तो 1-2 चम्मच और मिला लें। आटे को गोल्डन होने तक भूनें और निकाल लें।

चौथा स्टेप- अब कड़ाही में 1 स्पून घी डालें और इसमें टुकड़े वाला गुड़ डाल दें। गुड़ को पिघलाने 1 स्पून पानी डाल दें और पिघलने तक इंतजार करें। तब तक सारे ड्राई फ्रूट्स को मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। गोंद को किसी कटोरी से हल्का दबाते हुए क्रश कर लें। गोंद को थोड़ा मोटा ही रखें। गुड़ को सिर्फ पिघलाना है ज्यादा पकाना नहीं है। गुड़ के पिघलते ही गैस बंद कर दें और फिर सारी चीजों को गुड़ में मिक्स कर दें। हल्का ठंडा होने पर हाथ से सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें और फिर इससे लड्डू बना लें।

तैयार हैं बेहद स्वादिष्ट मेथी और सौंठ के लड्डू। इन्हें आप सर्दी में रोज खा सकते हैं। सिर्फ 1 लड्डू रोज दूध के साथ खाने से आपके शरीर में दर्द और जोड़ों के दर्द की समस्या दूर हो जाएगी। ठंड में शरीर को गर्म रखने के लिए ये लड्डू खाए जाते हैं। 

  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल