शाम की चाय का वक्त हो और साथ में कुछ गरमा-गरम, क्रिस्पी और चटपटा स्नैक मिल जाए, तो दिनभर की थकान पल भर में दूर हो जाती है। शाम की चाय के साथ हममें से ज्यादातर लोग चाय, पकौड़े खाते हैं। लेकिन इनसे अक्सर लोग बोर हो जाते हैं। अगर आप भी समोसे और पकौड़ों से बोर हो चुके हैं, तो इस बार शाम की चाय के साथ 'दाल कबाब' ट्राई करें। यह स्वाद में लाजवाब तो होते ही हैं, साथ ही सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं। यहां हम आपके लिए दाल कबाब की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।
सामग्री
- चना दाल: 1 कप (3-4 घंटे भीगी हुई)
- उबले आलू: 2 (मैश किए हुए, बाइंडिंग के लिए)
- प्याज: 1 बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च: 2-3 बारीक कटी हुई
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- गरम मसाला: आधा छोटा चम्मच
- चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: कबाब शैलो फ्राई करने के लिए
बनाने की का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले भीगी हुई चना दाल को थोड़े से पानी और हल्के से नमक के साथ कुकर में 1-2 सीटी आने तक उबाल लें। ध्यान रहे कि दाल को ज्यादा गलाना नहीं है, बस वह सॉफ्ट हो जाए। अब दाल का अतिरिक्त पानी छान लें और इसे मिक्सी में बिना पानी डाले दरदरा पीस लें।
स्टेप 2
एक बड़े मिक्सिंग बाउल में दरदरी पिसी हुई दाल निकालें। इसमें उबले और मैश किए हुए आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरा धनिया मिलाएं।
स्टेप 3
अब इस मिश्रण में लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक डालें। सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिला लें ताकि कबाब का एक बढ़िया डो तैयार हो जाए।
स्टेप 4
अपने हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं। अब मिश्रण में से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लेकर उसे अपनी पसंद के अनुसार गोल या ओवल शेप देते हुए कबाब या टिक्की का आकार दें।
स्टेप 5
एक नॉन-स्टिक पैन या तवे पर 2-3 चम्मच तेल डालकर गर्म करें। जब तेल गर्म हो जाए, तो आंच को मध्यम कर दें और कबाब को पैन में रखें। इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक अलट-पलट कर अच्छी तरह सेंक लें। फिर इसका आनंद लें।