Hari Mirch ka Paani Wala Achar Recipe: खाने के साथ अगर अचार मिल जाए तो भोजन का स्वाद बढ़ जाता है। खासकर तब जब हरी मिर्च का अचार प्लेट में परोसा जाए। हरी मिर्च का अचार खान में स्वादिष्ट होने के साथ साथ चटपटा भी होता है। हालांकि कई लोग इसे काफी तेल मसालों के साथ तैयार करते हैं जिससे ये थोड़ा अनहेल्दी हो जाता है। ऐसे में आप हरी मिर्च का पानी वाला अचार स्वाद के साथ साथ सेहत के भी फायदेमंद होता है। राजस्थानी हरी मिर्च का पानी वाला अचार जिसे ‘कांजी मिर्च’ भी कहा जाता है बनाना काफी आसान है और इसका स्वाद काफी जुदा होता है। अगर आप भी बिना तेल के मिर्च का अचार तैयार करना चाहते हैं तो हरी मिर्च का पानी वाला अचार बना सकते हैं। यहां से नोट कर लें ‘कांजी मिर्च’ की आसान सी रेसिपी।
हरी मिर्च (मोटी, कम तीखी वाली): 200 ग्राम
पानी: लगभग 2.5 गिलास (मिर्च के डूबने जितना)
राई (सरसों): 2 बड़े चम्मच
सौंफ: 1 बड़ा चम्मच
मेथी दाना: 1 छोटा चम्मच
जीरा: 1/4 छोटा चम्मच
नमक: 2 से 2.5 छोटा चम्मच या स्वादानुसार
हींग: 1/4 छोटा चम्मच
नींबू का रस: 1 बड़ा चम्मच (खट्टापन बढ़ाने के लिए)
सबसे पहले हरी मिर्च को अच्छी तरह धो लें और फिर किसी कपड़े से पोंछकर या हवा में पूरी तरह सुखा लें। ध्यान रहे कि मिर्च पर बिलकुल भी पानी न रहे। आप डंठल हटा भी सकते हैं। इसके बाद एक बर्तन में 2.5 गिलास पानी उबालें। जब पानी में उबाल आ जाए, तो हरी मिर्च डालकर 1 मिनट के लिए मध्यम आंच पर उबले दें। अब आंच बंद कर दें और बर्तन को 10 से 15 मिनट के लिए ढक दें। मिर्च भाप में थोड़ी नरम हो जाएगी और उसका रंग हल्का सा बदल जाएगा। फिर मिर्च को उबले हुए पानी से बाहर निकालकर ठंडा होने दें। हरी मिर्च के पानी को किसी बर्तन में रख दें। आखिरी में मिर्च के बीच में चाकू से एक लम्बा चीरा लगा दें। आप चाहें तो बीज भी निकाल सकते हैं।
मसाले तैयार करने के लिए एक पैन में सौंफ, मेथी दाना और जीरा डालकर धीमी आंच पर हल्का सा भून लें जब तक कि उनमें से अच्छी खुशबू न आने लगे। मसालों का रंग नहीं बदलना चाहिए। जब ये भुन जाए तो इन मसाीलों को को ठंडा करें। अब इसमें राई/बनारसी राई, नमक और हींग डालकर दरदरा पीस लें। बहुत बारीक पाउडर न बनाएं।
इसके बाद चीरा लगाई हुई हर मिर्च में तैयार किया गया मसाला थोड़ा-थोड़ा भरें। ध्यान रहे, बहुत ज्यादा मसाला नहीं भरना है। मसाले भरी हुई मिर्चों को एक साफ, सूखे कांच के जार में भर दें। बचा हुआ मसाला भी जार में डाल दें। अब इसमें उबला हुआ और पूरी तरह से ठंडा किया हुआ पानी डाल दें। अगर आप खट्टापन पसंद करते हैं, तो 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस भी इसी पानी में मिला दें। अब जार का ढक्कन लगा दें। इस अचार को 2 से 3 दिन के लिए धूप में रखें या कमरे के तापमान पर छोड़ दें।
3 दिन में यह अचार खट्टा हो जाएगा और खाने के लिए तैयार हो जाएगा। पानी का रंग भी हल्का सा बदल जाएगा। इसे खाने के साथ परोसें।
ये भी पढ़ें:
बनाएं मुंह में तुरंत घुल जाने वाली मुलायम बेसन की बर्फी, टेस्ट में लाजवाब, नोट कर लें रेसिपी
कुकर में एक साथ बनाएं कढ़ी चावल, ऐसा मस्त स्वाद आएगा कि खाते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी
संपादक की पसंद