1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कुकर में बिना पानी के उबालें शकरकंद, खाने में आएगा अंगीठी जैसा स्वाद, नोट कर लें शकरकंद भूनने का ये तरीका

कुकर में बिना पानी के उबालें शकरकंद, खाने में आएगा अंगीठी जैसा स्वाद, नोट कर लें शकरकंद भूनने का ये तरीका

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Dec 02, 2025 10:58 am IST,  Updated : Dec 02, 2025 10:58 am IST

Shakarkand In cooker: भुनी हुई शकरकंद खाने का मन है तो कोयला और अंगीठी नहीं बल्कि कुकर में बिना पानी के शकरकंद पकाकर खाएं। इसमें चूल्हे वाला स्मोकी फ्लेवर आएगा और स्वाद भी भरपूर मिलेगी। जानिए कुकर में शकरकंद भूनने का तरीका।

कुकर में शकरकंद भूनने का तरीका- India TV Hindi
कुकर में शकरकंद भूनने का तरीका Image Source : FREEPIK

सर्दियों में रोजाना शकरकंद (Sweet Potato) जरूर खानी चाहिए। गर्मागरम शकरकंद खाने में जितनी टेस्टी लगती हैं उससे कहीं ज्यादा हेल्दी होती हैं। शकरकंद का स्वाद तब और बढ़ जाता है जब ये अंगीठी या कोयले पर भुनी हो। भुनी हुई शकरकंद का सौंधा-सौंधा स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है। आप प्रेशर कुकर में भी शकरकंद उबाल सकते हैं। बिना पानी के कुकर में शकरकंद उबालकर खाने से एकदम अंगीठी जैसा स्वाद आएगा। जानिए बिना पानी के कुकर में शकरकंद भूनने का आसान तरीका क्या है?

बिना पानी के कुकर में शकरकंद भूनने का तरीका

पहला स्टेप- सबसे पहले शकरकंद को पानी से अच्छी तरह से धो लें, जिससे मिट्टी साफ हो जाए। अब शकरकंद को किसी कपड़े से साफ करके पानी सूखने दें। चाकू या कांटे की मदद से हल्के छेद कर दें जिससे भार निकल सके।

दूसरा स्टेप- अब कुकर में नीचे तली में नमक की एक मोटी परत जैसी बिछा दें। इससे शकरकंद बिना पानी के जलेंगी नहीं। आप चाहें तो साफ रेत भी डाल सकते हैं। अब कुकर को गर्म करें और 5 से 7 मिनट के लिए प्री-हीट कर लें। कुकर की सीटी और रबड़ निकाल दें। 

तीसरा स्टेप- शकरकंद को नमक/रेत की परत के ऊपर रख दें और ध्यान रहे कि शकरकंद एक दूसरे के ऊपर न आएं, बल्कि सिंगल लेयर ही रखें। अब कुकर का ढक्कन लगाकर बंद कर दें और गैस की फ्लेम एकदम धीमी कर दें। मीडियम साइज की शकरकंद करीब 15 से 25 मिनट तक धीमी आंच पर पकने से भुन जाएंगी।

चौथा स्टेप-शकरकंद को 15 मिनट बाद कुकर खोलकर एक चाकू की मदद से चेक कर लें। अगर चाकू आसानी से शकरकंद के भीतर चला जाए तो शकरकंद पूरी तरह भुन चुकी है। अब कुकर से भुनी शकरकंद को निकालकर छील लें। टुकड़ों में काट लें और फिर चाट मसाला, काला नमक, नींबू डालकर गरमागरम खाएं।

पांचवां स्टेप- अगर आपके पास नमक या रेत नहीं है तो इसकी जगह शकरकंद को फॉइल पेपर में लपेटकर भी रख सकते हैं। इससे कुकर भी गंदा नहीं होता और शकरकंद भी आसानी से भुन जाती हैं। आप इनमें से कोई भी तरीका अपना सकते हैं।

इस नए तरीके को ‘भुनी शकरकंद ट्रिक 2025’ नाम दिया गया है। इसमें प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करके शकरकंद को ड्राई रोस्ट या भाप में पकाने का तरीका बताया गया है। इससे शकरकंद का स्वाद अंगीठी, कोयला या चूल्हे में भुनने वाला स्मोकी स्वाद आएगा। जो पानी में उबली हुई शकरकंद में नहीं आ पाता है। इस ट्रिक से उबली शकरकंद ज्यादा स्वादिष्ट और मीठी लगती है। इसमें नेचुरल स्वीटनेस बढ़ जाती है और सभी जरूरी विटामिन और पोषक तत्व बने रहते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल