1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बिना पकोड़े के सिर्फ बथुआ से बनाएं टेस्टी कढ़ी, खाते ही दीवाने हो जाएंगे, कई गुना बढ़ जाएगा बेसन का स्वाद

बिना पकोड़े के सिर्फ बथुआ से बनाएं टेस्टी कढ़ी, खाते ही दीवाने हो जाएंगे, कई गुना बढ़ जाएगा बेसन का स्वाद

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Nov 13, 2024 02:16 pm IST,  Updated : Nov 13, 2024 02:16 pm IST

Bathua Kadhi Recipe: सर्दियों में बथुआ की कढ़ी खाने में बहुत टेस्टी लगती है। गर्मागरम बथुआ कढ़ी आप बाजरा की रोटी से खाएंगे तो इसका स्वाद और बढ़ जाएगा। आज हम आपको बथुआ की कढ़ी बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं। इसमें पकोड़े की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

बथुआ की कढ़ी रेसिपी- India TV Hindi
बथुआ की कढ़ी रेसिपी Image Source : SOCIAL

ठंड आते ही पालक, मेथी और बथुआ का सीजन आ जाता है। सर्दियों में रोजाना किसी भी रूप में इन हरी सब्जियों को जरूर शामिल करना चाहिए। खासतौर से बथुआ ठंड में शरीर को गर्म रखने में मदद करता है। बथुआ में आयरन भरपूर होता है इसके अलावा कई दूसरे विटामिन और मिनरल भी पाए जाते हैं। सर्दियों में बथुआ के पराठे, साग और कढ़ी बनाकर खा सकते हैं। बथुआ की कढ़ी पकोड़े वाली कढ़ी से कहीं ज्यादा टेस्टी लगती है। खास बात ये है कि बथुआ की कढ़ी को बिना पकोड़े के ही तैयार किया जाता है। जानिए बथुआ की कढ़ी बनाने की रेसिपी क्या है?

बथुआ की कढ़ी की रेसिपी

पहला स्टेप- बथुआ की कढ़ी वैसे ही बनती है जैसे आप नॉर्मल कढ़ी बनाते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि जब आप नॉर्मल पकोड़े वाली कढ़ी में पकोड़े डालते हैं उस वक्त आपको पकोड़े की जगह बारीक कटा बथुआ डालना है। आप चाहें तो बथुआ को उबालकर भी डाल सकते हैं।

दूसरा स्टेप- कढ़ी बनाना काफी आसान है सबसे पहले दही या छाछ को फेंट लें। अब इसे पतला करके छान लें। दही में 4-5 लोगों के लिए कढ़ी बना रहे हैं तो 5 बड़े चम्मच बेसन को गाढ़ा फेंट लें। अब इसे तैयार छाछ में मिक्स कर दें। एक कड़ाही में 1 बड़ा स्पून सरसों का तेल गर्म करें।

तीसरा स्टेप- तेल में आधा चम्मच मेथी, आधा चम्मच राई और आछा चम्मच जीरा डालें। अब इसमें 5-6 कली बारीक कटा लहसुन, 2 साबुत लाल मिर्च डालें। 1 बड़ा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालें और तुरंत ही छाछ वाला छोल डालकर चलाते रहें।

चौथा स्टेप- कढ़ी को एक उबाल आने तक तेज आंच पर चलाते हुए पकाना है। जब उबाल आ जाए तो गैस की फ्लेम मीडियम कर दें। अब कढ़ी को करीब 30 मिनट तक पकाते रहें और बीच-बीच में चलाते रहें। तब तक बथुआ को साफ कर लें और बारीक काटकर धो लें। अब कढ़ी में धुला हुआ बथुआ डालकर चलाएं।

पांचवां स्टेप- आप चाहें तो बथुआ को काटकर उबाल लें और मोटा सा पीसकर कढ़ी में मिला लें। वैसे कटे हुए बथुए की कढ़ी ज्यादा स्वादिष्ट लगती है। अब कढ़ी में नमक डाल दें और करीब 15 मिनट तक और पकाएं। बथुआ की कढ़ी बनकर तैयार है। इसमें ऊपर से देसी घी और लाल मिर्च का सालन डालकर सर्व करें।    

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल