1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. चने के दाल से घर में बेसन बनाने का तरीका, एकदम शुद्ध और बिना मिलावट के तैयार, आसान है रेसिपी

चने के दाल से घर में बेसन बनाने का तरीका, एकदम शुद्ध और बिना मिलावट के तैयार, आसान है रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Sep 08, 2026 01:50 pm IST,  Updated : Sep 08, 2026 01:50 pm IST

बाजार में बिकने वाले बेसन में कई बार मक्के के आटे की मिलावट पाई जाती है। ऐसे में बेसन में वो स्वाद नहीं आता जो शुद्ध बेसन में पाया जाता है। अगर आपको शुद्ध बेसन चाहिए तो घर में चना दाल से बना सकते हैं। घर में बेसन बनाना आसान है।

चना दाल से बेसन कैसे बनाएं- India TV Hindi
चना दाल से बेसन कैसे बनाएं Image Source : INDIA TV

आजकल बाजार में बिकने वाली ज्यादातर चीजों में मिलावट पाई जाती है। आटे से लेकर बेसन तक में मिलावट की जाने लगी है। मार्केट के पैकेट बंद बेसन में कई बार मक्के का आटा मिला होता है जिसे पहचानना मुश्किल हो जाता है। इससे बेसन में वो स्वाद भी नहीं आता और आपको कीमत भी ज्यादा चुकानी पड़ती है। कई बार हल्दी मिला आटा भी बेसन में मिला दिया जाता है। कुछ जगहों पर चावल का आटा भी बेसन में मिक्स कर देते हैं। ऐसे में अगर आपको शुद्ध बेसन का इस्तेमाल करना है तो इसके लिए घर में बेसन पीसकर तैयार कर सकते हैं। चना दाल से घर में मिक्सी में बेसन पीसकर तैयार कर सकते हैं। ये बेसन पूरे 100 प्रतिशत शुद्ध होता है और इसमें किसी तरह की मिलावट नहीं होती है। आइये जानते हैं घर में बेसन बनाने का तरीका क्या है?

चने की दाल से बेसन कैसे बनाएं?

पहला स्टेप- बेसन को चने की दाल से तैयार किया जाता है। बेसन बनाने के लिए चने की दाल बिना छिलका वाली होनी चाहिए। आप बाजार से चने की दाल खरीद सकते हैं। अब दाल को अच्छी तरह सुखा लें जिससे नमी निकल जाए। अगर धूप नहीं आती तो चना दाल को 5 मिनट के लिए धीमी आंच पर हल्का गर्म करते हुए सेंक लें। ध्यान रखें भूनते वक्त दाल का रंग नहीं बदलना चाहिए। दाल को ठंडा होने दें। 

दूसरा स्टेप- अब एक मिक्सी लें जिसमें आप मसाले पीसते हैं उसका जार लें। जार में चना दाल डालें और मिक्सी में चलाते हुए पीसते जाएं। जब चना दाल अच्छी पिस जाए तो मिक्सी बदं करके निकाल लें। अब बेसन को बारीक छन्नी से छान लें। आपको इसी तरह सारी चना दाल पीसनी है। छानने के बाद चना दाल के जो मोटे टुकड़े बच जाएं उन्हें अगली बार पीसते वक्त डालते जाएं। 

तीसरा स्टेप- बेसन कितना मोटा पीसना है या कितना बारीक रखना है ये आप अपनी पसंद के हिसाब से रख सकते हैं। आपको जैसा बेसन चाहिए वैसी छन्नी से ही बेसन को छानें। सारी दाल को इसी तरह पीसते जाएं। घर में बना शुद्ध बेसन तैयार है। आप इससे कोई भी पसंदीदा डिश बनाकर खा सकते हैं। बेसन को नॉर्मल रूम टेंपरेचर पर आने पर किसी कांच के जार में भरकर रख दें। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल