1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बाजार की मैदा वाली सोयाचाप खाने से अच्छा है घर में बनाएं सोयाबीन चाप, एकदम सॉफ्ट और जूसी बनेंगी, आसान है रेसिपी

बाजार की मैदा वाली सोयाचाप खाने से अच्छा है घर में बनाएं सोयाबीन चाप, एकदम सॉफ्ट और जूसी बनेंगी, आसान है रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Sep 07, 2026 08:06 am IST,  Updated : Sep 07, 2026 08:06 am IST

मार्केट में बिकनी वाली सोया चाप को बहुत गंदे तरीके से बनाया जाता है। आप जिसे प्रोटीन समझकर खाते हैं उसमें 80 प्रतिशत मैदा होता है। अगर आप चाप खाने के शौकीन हैं तो घर में सोयाबीन बड़ी से सोया चाप बना सकते हैं।

घर में बनाएं सोयाचाप स्टिक- India TV Hindi
घर में बनाएं सोयाचाप स्टिक Image Source : INDIA TV

होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और स्ट्रीट पर आपको सोयाचाप जरूर मिल जाएंगी। पिछले कुछ सालों में सोयाबीन चाप खाने का चलन तेजी से बढ़ा है। लेकिन इस बीच ऐसे कई वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें दिखाया गया है कि जिस सोयाबीन को आप हेल्दी और प्रोटीन समझकर खा रहे हैं वो दरअसल मैदा से बनाई जाती है। इसे बहुत गंदे तरीके से बनाया जाता है। अगर आपने एक बार सोयाबीन बनने का वीडियो देख लिया तो खाना बंद कर देंगे। ऐसे में आप घर में भी सोयाबीन की बड़ी से सोयाचाप बना सकते हैं। सोया चाप बनाने के लिए आपको सोयाबीन की बड़ी से आटा तैयार करना है। इससे आसानी से घर में सोयाचाप बनाकर तैयार कर सकते हैं।

घर में सोयाचाप कैसे बनाएं

पहला स्टेप- कढ़ाई में पानी डालें और उसमें 2 चम्मच नमक मिलाकर 400 ग्राम सोयाबीन बड़ी को 4-5 मिनट तक उबालें। अब उबली हुई सोयाबीन बड़ी को ठंडे पानी से तब तक धोएं जब तक उसका झाग निकलना बंद न हो जाए। अब अच्छी तरह से निचोड़कर मिक्सी में बारीक पीस लें। अब सोयाबीन बड़ी में 150 ग्राम मैदा और 50 ग्राम बेसन मिला दें। 

दूसरा स्टेप- इसे आटे की तरह 3-4 मिनट गूंथने के बाद इसमें करीब 50 ग्राम दूध मिला दें। अब इसे कवर करके 10-15 मिनट के लिए रख दें। अब चाप के लिए लकड़ी की चम्मच या स्टिक्स को पानी में भिगोकर रखें ताकि चाप आसानी से चिपक सके। अब तैयार डो की लोई बनाकर पतला बेलें। अब इसे पट्टी जैसी शेप में काटकर लकड़ी की स्टिक पर एक-एक करके लपेटें।

तीसरा स्टेप- तैयार सोया चाप को सेट होने के लिए 4 से 5 घंटे के लिए फ्रीजर या फ्रिज में रख दें। जब सब्जी बनानी हो तो आप चाप को 4-5 मिनट पानी में उबालें और ठंडी होने पर आसानी से स्टिक से अलग कर लें। सोयाचाप को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और गरम तेल में इन्हें मीडियम फ्लेम पर हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। 

चौथा स्टेप- अब अपनी पसंदीदा कोई भी रेसिपी आप सोयाचाप से बना सकते हैं। तंदूरी चाप, मलाई चाप या सोयाचाप की स्वादिष्ट सब्जी इससे बनाकर खा सकते हैं। इस तरह सोयाबीन चाप बनाकर खाने से आप बाजार की मिलावटी चाप खाने से बच जाएंगे। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल