जूस पीना सेहत के लिए फायदेमंद है लेकिन ताजा फल और सब्जियों का जूस ही शरीर को फायदा पहुंचाता है। मार्केट में मिलने वाले जूस सिर्फ शुगर ड्रिंक होते हैं जिनमें चीनी, कलर और फ्लेवर के अलावा कुछ नहीं होता है। सर्दियों में आप सब्जियों का जूस अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसके लिए आपको मार्केट में जाकर जूस वाले भैया से जूस खरीदकर पीने की जरूरत नहीं है। आप घर में ही मिक्सी में जूस निकाल सकते हैं। गाजर, चुकंदर और आंवला का जूस मिक्सी में आसानी से निकल जाता है। रोजाना 2 महीने तक ये जूस पीने से आपके शरीर को सभी जरूरी पोषण मिल जाएगा और चेहरे पर अलग ही चमक आ जाएगी। जान लें मिक्सी में कैसे निकालें गाजर, चुकंदर और आंवला का जूस।
गाजर, चुकंदर और आंवला का जूस
पहला स्टेप- 2 गिलास जूस के हिसाब से आपको चीजें लेनी हैं। इसके लिए 4 मीडियम साइज की गाजर, 1 मीडियम चुकंदर, 2 आंवला, 1 इंच अदरक का टुकड़ा लें। सारी चीजों को अच्छी तरह धो लें और छिलका हटाकर बारीक टुकडों में काट लें।
दूसरा स्टेप- अब जूस बनाने के लिए मिक्सी का छोटा वाला जार लें और उसमें सारी चीजों को डालकर 1 कप पानी डालकर बारीक पेस्ट जैसा पीसकर तैयार कर लें। आप इसे जितना बारीक पीसेंगे जूस उतना ही ज्यादा निकलेगा।
तीसरा स्टेप- एक सूती मस्लिन का कपड़ा लें जिसमें से जूस आसाना से छन जाए। अगर कपड़ा नहीं है तो छन्नी का इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन पूरी तरह से जूस निकालने के लिए कपड़ा ही बेस्ट है। आप कोई दूसरा बहुत पतला अस्तर जैसा कपड़ा भी ले सकते हैं।
चौथा स्टेप- अब सारा मिक्सचर उस कपड़े पर डालें और टाइट करके जूस निकाल लें। आपको इसे बहुत टाइट निचोड़ना होगा जिससे सारा जूस आसानी से निकल जाए। अगर आपको लग रहा है कि अभी एक बार और इसे पीसकर जूस बनाना चाहिए, तो जूस निकाले हुए मिक्सचर को फिर से मिक्सी में डालें और आधा कप पानी डालकर एक बार फिर से ग्राइंड कर लें।
पांचवा स्टेप-अब फिर से उसी कपड़े में मिक्सचर को डालें और कसकर जूस निकाल लें। आप देखेंगे कि पूरा जूस निकल गया है और सिर्फ 2-3 चम्मच फाइबर बचा है। इसे फेंक दें या आटे में मिक्स करके रोटी बना लें। ये गाजर, चुकंदर और आंवला का फाइबर है।
जूस का स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें 1 पिंच काली मिर्च का पाउडर और थोड़ा काला नमक भी मिला सकते हैं। वैसे बिना नमक के जूस पीना ज्यादा फायदेमंद होता है। आपको रोज 1 गिलास ये जूस पीना चाहिए।