आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मूंग की दाल के पराठे बनाने के लिए आपको न तो ज्यादा फैंसी सामग्री की जरूरत पड़ेगी और न ही ज्यादा समय लगेगा। मूंग की दाल के पराठे की रेसिपी बेहद आसान है। मूंग की दाल के पराठे बनाने के लिए आपको एक कप गेहूं का आटा, हाफ कप जौ का आटा, हाफ कप भिगोई हुई पीली मूंग दाल, हाफ कप बारीक कटा हुआ हरा धनिया, एक स्पून अदरक हरी मिर्च का पेस्ट, एक स्पून तिल, हाफ स्पून जीरा, हाफ स्पून अजवाइन, 1/4 स्पून हल्दी पाउडर, हाफ स्पून लाल मिर्च पाउडर, नमक, 8 करी पत्ता, 1/4 टी स्पून हींग, 1/4 स्पून काली मिर्च पाउडर, एक स्पून धनिया पाउडर और 2 स्पून घी की जरूरत पड़ेगी।
मूंग की दाल के पराठे- सबसे पहले आपको मूंग की दाल को कुछ घंटों के लिए भिगोकर छोड़ देना है। भीगी हुई मूंग की दाल को अच्छी तरह से धो लीजिए और फिर किसी बर्तन में इसके पानी को छानकर अलग कर दीजिए। अब आपको भीगी हुई मूंग की दाल में सभी मसालों को अच्छी तरह से मिक्स कर लेना है।
बेहद आसान है रेसिपी- इस मिक्सचर में धनिया, करी पत्ता, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, गेहूं का आटा, जौ का आटा और पिघले हुए घी को भी मिला लीजिए। अब आपको इस मिक्सचर में थोड़ा-थोड़ा पानी एड करते हुए आटे की तरह गूंथ लेना है। जब आटा नरम-नरम गुंथ जाए, तब आपको इसे ढक देना है और लगभग 10 मिनट के लिए रेस्ट करने देना है। इस आटे की छोटी-छोटी लोइयां तैयार कर लीजिए। अब आपको तवे को गर्म कर लेना है।
उठाएं पराठों का लुत्फ- लोइयों को बेल लीजिए और फिर पराठे को तवे पर डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह से सेक लीजिए। घी की मदद से पराठे को क्रिस्पी होने तक सेक लीजिए। महज आधे घंटे में मूंग की दाल के टेस्टी पराठे सर्व करने के लिए तैयार हैं। आप मूंग की दाल के गर्मागर्म पराठे को दही या फिर अचार के साथ खा सकते हैं।