1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. ब्रेड से बनाएं स्वादिष्ट दानेदार बर्फी, स्वाद ऐसा कि कोई पहचान भी नहीं पाएगा, जानिए रेसिपी

ब्रेड से बनाएं स्वादिष्ट दानेदार बर्फी, स्वाद ऐसा कि कोई पहचान भी नहीं पाएगा, जानिए रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : May 02, 2025 11:56 am IST,  Updated : May 02, 2025 11:56 am IST

Bread Barfi Recipe: घर में कई बार ब्रेड बच जाती है। ऐसे में आप ब्रेड से स्वादिष्ट बर्फी बनाकर खा सकते हैं। ब्रेड से बर्फी बनाने बेहद आसान है। आप सिर्फ दूध और चीनी से इसे तैयार कर सकते हैं। बच्चे क्या बड़ों को भी ये मिठाई खूब पसंद आएगी। जानिए रेसिपी।

ब्रेड बर्फी रेसिपी- India TV Hindi
ब्रेड बर्फी रेसिपी Image Source : SOCIAL

ब्रेड खाना बच्चों और बड़ों सभी को पसंद होता है। हालांकि कई बार ब्रेड का इतना बड़ा पैकेट आ जाता है जिसे खत्म करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आप ब्रेड से कई तरह की डिश बना सकते हैं। ब्रेड पकोड़ा, सैंडविच और ब्रेड कटलेट तो आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन क्या आपने कभी ब्रेड की बर्फी खाई है। ब्रेड से बहुत टेस्टी बर्फी बनती है। एक बार इस रेसिपी को आप जरूर ट्राई करें। सिर्फ घर में मौजूद चीजों से इतनी टेस्टी ब्रेड बर्फी बनेगी कि खाने वालों को यकीन नहीं होगा कि ये ब्रेड से बनी है। जानिए ब्रेड से बर्फी बनाने के लिए आपको क्या-क्या चाहिए और क्या है रेसिपी।

ब्रेड बर्फी रेसिपी

पहला स्टेप- ब्रेड से बर्फी बनाने के लिए 4 पीस सफेद ब्रेड लें और इन्हें टुकड़ों में तोड़कर मिक्सी में डाल दें। अब ब्रेड को पीसकर बारीक पाउडर जैसा तैयार कर लें। कड़ाही में डेढ़ कर गाढ़ा दूध लें और तेज आंच पर दूध को पकाएं। दूध को रबड़ी जैसा होने तक चलाते हुए पकाना है। अब तैयार रबड़ी में पिसी हुई ब्रेड यानि ब्रेड क्रम्ब्स डाल दें और मिला दें। 

दूसरा स्टेप- इसमें आधा चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह से ब्रेड और रबड़ी को मिक्स कर दें। जब दोनों चीज काफी ड्राई हो जाएं तो इसमें स्वादानुसार या करीब आधा कप चीनी मिला दें। लगातार चलाते हुए पकाएं। चीनी घुलने के बाद कड़ाही में एक छोटी चम्मच देसी घी डाल दें और मिक्स करते हुए चलाएं।

तीसरा स्टेप- जब ब्रेड अच्छी तरह से ब्राउन हो जाए और कड़ाही को छोड़ने लगे तो इसे किसी बटर पेपर पर या प्लेट में सेट कर लें। ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और काजू डालकर जमा दें। थोड़ी देर बाद बर्फी के पीस काट लें। तैयार है ब्रेड से बनी एकदम स्वादिष्ट और दानेदार बर्फी। इसे आप घर आए मेहमानों को सर्व करें। बच्चों को ब्रेड बर्फी का स्वाद काफी पसंद आएगा। उन्हें टिफिन में बनाकर भी दे सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल