1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. 5 मिनट में घर में पीस सकते हैं चने का सत्तू, गर्मी में जरूर बनाकर पीएं ये देसी ड्रिंक, तरोताजा रहेगा शरीर

5 मिनट में घर में पीस सकते हैं चने का सत्तू, गर्मी में जरूर बनाकर पीएं ये देसी ड्रिंक, तरोताजा रहेगा शरीर

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : May 01, 2025 09:22 am IST,  Updated : May 01, 2025 09:22 am IST

How To Grind Chana Sattu At Home: गर्मियों के लिए सत्तू बेस्ट होता है। वैसे तो बाजार में चना और जौ के बने सत्तू आसानी से मिल जाते हैं। लेकिन अगर आप घर में सत्तू बनाना चाहते हैं को सिर्फ 5 मिनट में चना सत्तू पीस सकते हैं। जानिए घर में चना सत्तू पीसने का तरीका।

चने का सत्तू पीसने का तरीका- India TV Hindi
चने का सत्तू पीसने का तरीका Image Source : FREEPIK

सत्तू एक बेहतरीन डिश है जिसका इस्तेमाल गर्मियों में सबसे ज्यादा किया जाता है। सुबह घर से निकलते वक्त 1 गिलास ठंडा सत्तू पीने से दिनभर एनर्जी मिलती रहेगी। सत्तू पीने से पेट और शरीर ठंडा रहता है और लू लगने का खतरा कम होता है। सत्तू को लोग अलग-अलग तरह से बनाकर पीते हैं। बाजार में जौ और चना का सत्तू आसानी से मिल जाता है। हालांकि कुछ लोग घर में सत्तू बनाकर इस्तेमाल करते हैं। अगर आप घर में सत्तू बनाना चाहते हैं तो हम आपको सत्तू पीसने के 2 तरीके बता रहे हैं। एक परंपरागत देसी तरीका है और एक फटाफट 5 मिनट में सत्तू पीसने का आसान तरीका है। जानिए घर में चना सत्तू पीसने का तरीका।

घर में चना सत्तू कैसे पीस सकते हैं?

सबसे पहले आपको सिर्फ 5 मिनट में चना सत्तू पीसने का तरीका बता रहे हैं। इसके लिए आपको बाजार से प्लेन भुने हुए चने खरीदकर लाने हैं। चना को कड़ाही में डालकर हल्का गर्म कर लें और फिर इसके छिलके थोड़े हटा लें। अब भुने चने को मिक्सी में डालकर पीस लें और बारीक पाउडर जैसा बना लें। तैयार हो गया चने का सत्तू। इसे आप चाहें तो हल्का छान सकते हैं या ऐसे ही पी सकते हैं। इससे मीठा या नमकीन कैसा भी सत्तू तैयार कर सकते हैं। रोजाना 1 गिलास सत्तू डाइट में जरूर शामिल करें। 

चना सत्तू पीसने का देसी तरीका

गांव में आज भी लोग सत्तू पीसते हैं और पूरी गर्मी इसका उपयोग करते हैं। इसके लिए 1 किलो काले चने लें और उन्हें रातभर पानी में भिगो दें। चना को सुबह तेज धूप में 6-7 घंटे के लिए सुखा दें। अब चूल्हे या गैस पर एक भारी तली की कड़ाही रखें और उसमें बालू या नमक डालकर गर्म कर लें। इसमें सूखे हुए चने डालकर लगातार तेज आंच पर चलाते हुए चने भून लें। एक बार में 1-2 मुट्ठी चना ही डालें। इसी तरह से सारे चने भून लें और ठंडा होने दें। अब चने को मिक्सी या फिर चाखी से पीस लें। अगर छिलका ज्यादा हो तो सत्तू को छान लें जिससे छिलका निकल जाएगा। ये सत्तू महीनेभर तक खराब नहीं होगा। आप इसे स्टील के कंटेनर में स्टोर करके रख लें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल