1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. गाजर के हलवा से कहीं ज्यादा टेस्टी लगती है गाजर की बर्फी, मुंह में रखते ही घुल जाएगी, जानिए फटाफट बनने वाली रेसिपी

गाजर के हलवा से कहीं ज्यादा टेस्टी लगती है गाजर की बर्फी, मुंह में रखते ही घुल जाएगी, जानिए फटाफट बनने वाली रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Dec 17, 2024 11:33 am IST,  Updated : Dec 17, 2024 11:34 am IST

Gajar Ki Barfi Recipe: सर्दियों में लाल गाजर का सीजन होता है। आपने गाजर का हलवा तो खाया होगा, लेकिन क्या कभी गाजर की बर्फी खाई है। गाजर की बर्फी खाने में बहुत सॉफ्ट और टेस्टी होती है। जानिए गाजर की बर्फी बनाने की आसान रेसिपी।

गाजर बर्फी की रेसिपी- India TV Hindi
गाजर बर्फी की रेसिपी Image Source : SOCIAL

सर्दियों में मीठा खाने के कई ऑप्शन मिल जाते हैं। ठंड में तरह-तरह के लड्डू, गजक, गाजर का हलवा, मूंग दाल का हलवा, जलेबी और गर्मागरम गुलाब जामुन का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है। लेकिन क्या आपने कभी गाजर की बर्फी खाई है। मिठाई की दुकान पर इन दिनों गाजर की बर्फी आसानी से मिल जाएगी। गाजर की बर्फी खाने में बेहतरीन स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर होती है। आप चाहें तो घर में भी गाजर की बर्फी बना सकते हैं। गाजर की बर्फी को मिनटों में बड़ी आसानी से तैयार किया जा सकता है। जानिए गाजर की बर्फी बनाने की आसान रेसिपी क्या है?

गाजर की बर्फी बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- गाजर की बर्फी बनाने के लिए आपको आधा किलो ताजा गाजर लेनी होंगी। आप इसमें मावा यानि खोया डालेंगे तो करीब 1 कप चाहिए। आधा कप काजू पाउडर, 1 कप फुल क्रीम दूध, थोड़े कटे काजू, पिस्ता और इलायची पाउडर चाहिए। 2 चम्मच घी और 1 कप चीनी चाहिए।

दूसरा स्टेप- सबसे पहले गाजर को धो लें और हल्का धीलकर पोछ लें। अब गाजर को कद्दूकस कर लें। एक कड़ाही में दूध डालें और उसमें कद्दूकस की गई गाजर डालकर मीडियम फ्लेम पर पकने के लिए रख दें। इसे चलाते रहें और गाजर को गलने तक पकाएं।

तीसरा स्टेप- काजू और पिस्ता को काट लें और इलायची को पीसकर पाउडर बना लें। अब जो मावा आपने बनाया है या मार्केट से खरीदा है उसे अच्छी तरह से मसल लें। जब गाजर पक जाए और दूध सूख जाए तो उसमें देसी घी डाल दें। चम्मच से चलाते हुए घी को गाजर में मिलाएं और 5 मिनट और पकाएं। इससे गाजर घी में भुन जाएगी।

चौथा स्टेप- अब चीनी डाल दें और गाजर का सारा पानी सूखने दें। चीनी डालने के बाद गाजर पानी छोड़ेगी। जब सारा पानी सूख जाए तो इसमें मावा मिला दें। इसे फिर से सूखा होने तक पकाएं और जब मिश्रण अच्छे से ड्राई हो जाए तो काजू का पाउडर मिला दें। स्वाद के लिए इलायची पाउडर डाल दें। 

पांचवां स्टेप- एक ट्रे या प्लेट लें और उसमें नीचे घी लगाकर चिकना कर लें। इस पर तैयार गाजर का पूरा मिश्रण डालें और ऊपर से चिकना कर लें। अब इसे कुछ देर सेट होने के लिए रख दें। कटे हुए पिस्ता और काजू ऊपर से लगाकर सजा दें। अब इसे चाकू की मदद से काट लें। आप अपनी पसंद के शेप में बर्फी काट लें। तैयार हैं स्वादिष्ट और एकदम नरम गाजर की बर्फी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल