रात के खाने के बाद कई बार चावल बच जाते हैं। ऐसे में समझ नहीं आता कि बासी चावल का क्या इस्तेमाल करें। आज हम आपको रात या दोपहर के बचे हुए चावल से स्वादिष्ट खीर बनाना बता रहे हैं। आप इस खीर को ठंडा करके खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे। खास बात ये है कि इस खीर को चीनी नहीं बल्कि गुड़ के साथ बनाएं। अगर खीर को गुड़ डालकर पकाएंगे तो स्वाद में ये गन्ने की रस खीर जैसी लगेगी। बच्चों और बड़ों सभी को खीर का स्वाद खूब पसंद आएगा। तो चलिए बिना देरी किए फटाफट नोट कर लीजिए बासी चावल की गुड़ खीर बनाने की रेसिपी।
रात के चावल की गुड़ खीर रेसिपी
पहला स्टेप- आपको इसके लिए 2 कटोरी रात वाले चावल लेने हैं। चावल अच्छी तरह से पके और नरम होने चाहिए। अगर चावल हल्के कड़े लग रहे हैं तो एक पैन में 1 बड़ा कप पानी डालें और गर्म होने के लिए रख दें। अब गर्म पानी में चावल को डालकर कुछ देर नरम होने तक पका लें।
दूसरा स्टेप- दूसरी ओर एक कड़ाही में दूध डालें और इसे लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने दें। जब चावल अच्छी तरह से गल जाएं तो इन्हें हल्का मैश कर दें। अब इसे उबलते हुए दूध में मिला दें। अब चावल को दूध को अच्छी तरह मिक्स होने तक पकाएं। चावल और दूध दोनों जब आपस में घुल जाएं तो इसमें अब गुड़ का पाउडर जिसे शक्कर बोलते हैं वो मिला दें।
तीसरा स्टेप- अगर शक्कर नहीं है तो गुड़ को तोड़कर मिक्स कर दें और खीर को चलाते रहें। जब गुड़ डालें तो कुछ देर के लिए गैस बंद कर दें। कई बार गर्म उबलते हुए दूध में गुड़ डालने से खीर फट जाती है। जब एक बार गुड़ अच्छी तरह से खीर में मिक्स हो जाए तो इसे थोड़ी देर और पकाएं। अगर आपको खीर के फटने का डर है तो गुड़ डालकर खीर को ऐसे ही बिना पकाए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
चौथा स्टेप- चूंकि चावल और दूध अच्छी तरह से गाढ़ा हो चुका है तो खीर को और अधिक पकाने की जरूरत नहीं है। अब खीर में अपनी पसंद के मेवा डाल दें और इसे ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें। जब खीर ठंडी हो जाए तो इसे सर्व करें। आपको खाने में इसका स्वाद बेहद पसंद आएगा।