1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कन्या पूजन के लिए कैसे बनाएं पूरा प्रसाद, हलवा, चना, खीर और पूड़ी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

कन्या पूजन के लिए कैसे बनाएं पूरा प्रसाद, हलवा, चना, खीर और पूड़ी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Mar 26, 2026 07:31 am IST,  Updated : Mar 26, 2026 07:31 am IST

Kanya Pujan Ka Prasad Kaise Banaye: कन्या पूजन के लिए पूरा प्रसाद बनाना है तो हम आपको हलवा, चने और पूरी की आसान रेसिपी बता रहे हैं। इससे बहुत जल्दी स्वादिष्ट प्रसाद बनकर तैयार हो जाएगा। नोट कर लें कन्या पूजन का प्रसाद बनाने की रेसिपी।

कन्या पूजन का प्रसाद रेसिपी- India TV Hindi
कन्या पूजन का प्रसाद रेसिपी Image Source : INDIA TV

भारत के अलग- अलग राज्यों में नवरात्रि का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। बड़ी संख्या में लोग नवरात्रि के पहले और आखिरी दिन उपवास करते हैं। कुछ लोग पूरे 9 दिन व्रत रखते हैं और नवमी के दिन कन्या पूजन करते हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और हरियाणा जैसे राज्यों में बहुत सारे लोग कन्या पूजन करते हैं। इसके लिए खास प्रसाद तैयार किया जाता है। कन्या पूजन के लिए हलवा, चने और पूरी बनाई जाती हैं। कुछ लोग हलवा की जगह खीर पूरी और चने भी खिलाते हैं। ऐसे में अगर आप पहली बार कन्या पूजन करना चाहते हैं तो हम आपको कन्या पूजन का प्रसाद बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं। बड़ी आसानी से आप कन्या पूजन के लिए स्वादिष्ट प्रसाद बना सकते हैं। आइये जानते हैं रेसिपी।

कन्या पूजन का प्रसाद कैसे बनाएं

सूजी हलवा रेसिपी- ज्यादातर लोग सूजी का हलवा बनाते हैं, जो खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। इसके लिए जरूरत के हिसाब से सूजी लें और उसे घी में भून लें। घी अपने हिसाब से कम ज्यादा कर सकते हैं, सूजी को गोल्डन ब्राउन होने तक भूनना है। अब सूजी के बराबर चीनी लें और सूजी से 3 गुना पानी लें। चीनी और पानी को घुलने तक गैस पर पकाएं। इसमें इलायची और केसर डाल दें। अब चीने के पानी को भुनी हुई सूजी में डालकर चलाते हुए हलवा को अपनी पसंद के हिसाब से गाढ़ा होने तक पकाएं। ऊपर से बारीक कटे काजू बादाम और किशमिश डालकर सेट कर लें। हलवा तैयार है।

काले चने की रेसिपी- कन्या पूजन में काले चने इस्तेमाल किए जाते हैं। चने को रातभर पानी में भिगो दें, सुबह धोकर उबाल लें। अब चने का सारी पानी निकाल दें। गैस पर कड़ाही या पैन रखें और उसमें सरसों का तेल डालें। इसमें जीरा, हींग और बारीक कटी हरी मिर्च डाल दें। अब हल्दी, नमक, धनिया पाउडर डालें और उबले हुए चने मिक्स कर दें। चना को हल्का फ्राई होने दें और फिर इसमें बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। चने तैयार हैं।

पूड़ी की रेसिपी - पूड़ी बनाने के लिए गेहूं का आटा गूंथ लें। आटे में 1 चम्मच मोयन यानि घी या तेल मिला दें। इससे पूरियां नरम बनती है। आटा गूंथने के बाद थोड़ी देर सेट होने के लिए रख दें। ध्यान रखें पूरी का आटा थोड़ा सख्त ही गूंथना पड़ता है। अब छोटी-छोटी लोईयां लेकर पूड़ियां बेल लें। गैस पर कड़ाही में तेल गर्म करें और पूडियां फ्राई कर लें। मुलायम पूड़ियां तैयार हैं।

खीर रेसिपी- अगर आप कन्या पूजन में हलवा की जगह खीर बनाने चाहते हैं तो खीर बनाने का भी आसान तरीका है। खीर के लिए चावल को पानी में भिगो दें। अब चावल को कुकर में पानी डालकर पका लें। आपको नॉर्मल चावल ले इसमें ज्यादा सीटी लगानी है। जब तक चावल पक रहे हैं पैन में दूध गर्म होने के लिए रख दें। दूध को गाढ़ा होने दें। जब कुकर खुल जाए तो उसमें उबल रहा दूध डाल दें। दूध और चावल को मिक्स होने तक खीर को पकाएं। इसमें चीनी, पिसी इलायची और मेवा डाल दें। खीर तैयार है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल