गरमा गरम पूरी और सब्जी का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी भर जाता है। बच्चे हो या बुजुर्ग हर किसी को इसका स्वाद पसंद आता है। हालांकि सेहत को ध्यान में रखते हुए लोग अब तला भुना खान से परहेज करते हैं। दरअसल पूरी तेल बहुत ज्यादा सोखती है जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में इन दिनों लोग अपने स्वास्थ का खास ध्यान रख रहे हैं। अगर आप भी तला भुना नहीं खाना चाहते हैं तो घर पर कुकर में बिना तेल के भी पूरियां बना सकते हैं। यहां से जान लें बिना तेल के पूरियां बनाने का ये हैक।
सामग्री
- 2 कप गेहूं का आटा
- स्वादानुसार नमक
- आधा छोटा चम्मच अजवाइन
- गुनगुना पानी
पूरी बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक बर्तन लें और उसमें आटा, नमक और अजवाइन मिलाएं। अब इसमें थोड़ा थोड़ा गुनगुना पानी मिलाकर सख्त आटा गूंथ लें।
- आटा गूंथने के बाद इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए और पूरियां अच्छी बने।
- अब आटे की छोटी छोटी लोइयां बनाएं और पूरी बेल लें।
- इसके बाद कुकर लें और उसके अंदर 1 से 2 गिलास पानी डालें। फिर कुकर के अंदर स्टैंड रखें। इसके बाद एक प्लेट लें जो कुकर में आसानी से आ जाए और उसपर तेल लगाकर उसे हल्का सा चिकना कर लें।
- अब प्लेट पर पूरियां रखें और कुकर में डाल दें। याद रखें कि सीटी नहीं लगने देना। तेज आंच पर 3 से 4 मिनट तक इसे पकने दें।
- भाप से पूरियां फूल जाएंगी और अच्छी तरह पक जाएंगी।