1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्या कभी सिंघाड़ा चाट का स्वाद चखा है, बहुत आसान है इसे बनाना, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

क्या कभी सिंघाड़ा चाट का स्वाद चखा है, बहुत आसान है इसे बनाना, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Nov 27, 2025 10:00 am IST,  Updated : Nov 27, 2025 10:00 am IST

Singhara Chaat Recipe: सर्दियों में गर्मागरम सिंघाड़ा चाट बनाकर जरूर खाएं। सिंघाड़ा चाट खाने में बहुत टेस्टी लगती है। इसे खाने से सर्दी लगने का खतरा भी कम हो जाता है। फटाफट नोट कर लें सिंघाड़ा चाट की ये चटपटी रेसिपी।

सिंघारा चाट रेसिपी- India TV Hindi
सिंघारा चाट रेसिपी Image Source : INDIA TV

सर्दियों में सिंघाड़े का सीजन होता है। पानी से भरपूर ये फल काफी सस्ता होता है। लेकिन ठंडी तासीर होने की वजह से लोग इसे खाने से बचते हैं। अगर आप भी यही सोचकर सिंघाड़ा नहीं खाते हैं तो हम आपको सिंघाड़े की चाट बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं। इससे न सिर्फ सिंघाड़े का स्वाद बढ़ जाएगा बल्कि ये चाट खाने में भी बहुत टेस्टी लगेगी। इसमें सिंघाड़े को उबालकर इस्तेमाल किया जाता है जिससे इसकी तासीर भी बदल जाती है। उबले हुए सिंघाड़े सर्दी नहीं करते हैं। आप सर्दियों में इस गर्मागरम सिंघाड़ा चाट का मजा ले सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

सिंघाड़ा चाट की रेसिपी

पहला स्टेप- सिंघाड़ा चाट बनाने के लिए आधा किलो या 400 ग्राम सिंघाड़ा लें। अब कुकर में 1 कप पानी डालें और उसमें थोड़ा नमक डालकर सिंघाड़ा छिलका समेत ही डाल दें। करीब 7 मिनट या 1 सीटी आने तक सिंघाड़े को तेज आंच पर पकाएं। अब गैस बंद करके कुकर का प्रेशर निकलने दें। सिंघाड़े ठंडे हो जाएं तो उन्हें छीलकर किसी प्लेट में रखते जाएं। सिंघाड़े को बीच से दो टुकड़ों में काट दें।

दूसरा स्टेप-अब उबले सिंघाड़े में मसाले मिलाएं। काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, काली मिर्च पाउडर डालकर सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। सिंघाड़ा चाट बनकर तैयार है। अब इसके लिए हरा धनिया, हरी मिर्च, टमाटर, लहसुन और जीरा डालकर चटनी पीस लें। इस चटनी के साथ सिंघाड़ा चाट सर्व करें। यकीन मानिए ये स्वाद आपको बहुत पसंद आएगा।

तीसरा स्टेप-आप चाहें तो उबले हुए सिंघाड़े को छीलकर काट लें और फिर एक पैन में 1 चम्मच बटर डालें उसमें सिंघाड़ा और सारे मसाले डालकर हाई फ्लेम पर थोड़ी देर के लिए पका लें। इससे सिंघाड़े का स्वाद और भी बढ़ जाएगा। अब इसे हरी चटनी के साथ या ऐसे ही आप खा सकत हैं। कच्चा सिंघारा बहुत सॉफ्ट होता है आप चाहें तो इन्हें बिना कुकर के ऐसे ही सीधे बटर में डालकर पका सकते हैं। कवर करके रखने पर 10 मिनट में सिंघाड़ा आसानी से पक जाएगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल