व्रत में ज्यादातर लोग कुट्टू के आटे की पूरियां, रोटी और पराठे खाते हैं। लेकिन कुछ लोगों की पूरियां बहुत सख्त बनती हैं। जबकि आप किसी रेस्टोरेंट में कुट्टू के आटे की पूरियां खाओ तो वो एकदम मुलायम बनती हैं। कई बार कुट्टू के आटे की पूरियां बेलेत वक्त टूट जाती हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं जिससे कुट्टू के आटे की पूरियां एकदम मुलायम बनेंगी। सबसे अहम बात कि बेलते वक्त भी ये पूरियां न चिपकेंगी और न ही फटेंगी। आपको कुट्टू का आटा गूंथने में कुछ बातों का ख्याल रखना होगा। फिर आप इस आटे से पूरी बनाएं या पराठे बनाएं, सभी बहुत ही अच्छी और नरम बनेंगे। आइये जानते हैं कुट्टू के आटे की मुलायम पूरी कैसे बनाएं।
कुट्टू के आटे की मुलायम पूरी कैसे बनाएं
पहला स्टेप- सबसे पहले आपको आटा गूंथने में कुछ बातों का ख्याल रखना होगा। सिर्फ कुट्टू के आटे से बनी पूरी कड़ी बनती हैं। मुलायम पूरी बनाने के लिए आटे में 1 बड़ा उबला हुआ आलू अच्छी तरह मैश करके डाल दें। आटे में बहुत जरा सा नमक और 1 चम्मच ऑयल या घी डालकर गुनगुने पानी से नरम आटा गूंथ लें। आटा बहुत ज्यादा पतला न रखें क्योंकि 10 मिनट बाद नमक की वजह से आटा पतला हो जाता है।
दूसरा स्टेप- अब आटे को सेट होने 5 मिनट के लिए रख दें। थोड़ा सूखा कुट्टू का आटा लें और गूंथे हुए आटे को हाथों से एक बार फिर सेट कर लें। अब इससे लोई तोड़कर पूरियां बेल लें। अगर चकला और बेलन पर पूरी चिपक रही हैं तो आप घी-तेल या फिर सूखा आटा लगाकर पूरियां बेल लें।
तीसरा स्टेप- कड़ाही में घी या पूरी फ्राई करने के लिए तेल गर्म करें। जब तेल अच्छा गर्म हो जाए तो गैस की फ्लेम मीडियम कर दें। अब सारी पूरियों को नॉर्मल पूरी की तरह सेंक लें। आलू और मोयन डालने से पूरियां अच्छी फूली- फूली और मुलायम बनेंगी। इन पूरियों लंबे समय तक रखने के बाद भी ये नरम बनी रहेंगी।
इस तरह बेलने पर कुट्टू के आटे की पूरियां बिना फटे और तवे पर बिना चिपके बन जाएंगी। आप इन्हें आलू टमाटर की सब्जी से खा सकते हैं। पनीर की सब्जी और चटनी के साथ भी कुट्टू के आटे की पूरियां खाने में अच्छी लगती हैं।