1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर पर ऐसे बनाएं बिना लहसुन प्याज वाली सेव टमाटर की सब्जी, इतनी टेस्टी कि बार-बार बनाएंगे

घर पर ऐसे बनाएं बिना लहसुन प्याज वाली सेव टमाटर की सब्जी, इतनी टेस्टी कि बार-बार बनाएंगे

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : Jul 16, 2025 06:20 pm IST,  Updated : Jul 16, 2025 06:20 pm IST

क्या आपको भी सेव टमाटर की सब्जी पसंद है? अगर हां, तो आपको इस बार बिना लहसुन प्याज वाली सेव टमाटर की सब्जी की इस रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

सेव टमाटर की सब्जी की रेसिपी- India TV Hindi
सेव टमाटर की सब्जी की रेसिपी Image Source : INDIA TV

भारत में चटपटी खाने-पीने की चीजों को बड़े चाव के साथ खाया जाता है। अक्सर बिना लहसुन और प्याज के खाने को ज्यादा टेस्टी नहीं समझा जाता। अगर आपको भी ऐसा ही लगता है, तो आज हम आपको बिना लहसुन और प्याज का इस्तेमाल किए बेहद स्वादिष्ट सेव टमाटर की सब्जी बनाना सिखाएंगे। सेव टमाटर की सब्जी बनाने के लिए आपको टमाटर, रतलामी सेव, हरी मिर्च, अदरक, हींग, जीरा, हरा धनिया, सरसों, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, गरम मसाला, धनिया पाउडर, नमक, गुड़ और घी की जरूरत पड़ेगी। 

पहला स्टेप- सेव टमाटर की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले आपको टमाटर को धोकर दरदरा पीस लेना है। अब हरी मिर्च और अदरक को भी दरदरा करके पीस लीजिए।

दूसरा स्टेप- इसके बाद पैन में घी निकालकर गर्म कर लीजिए। इस पैन में हींग, जीरा और सरसों डालकर इन्हें चटकने दीजिए और फिर इसमें हरी मिर्च, अदरक और टमाटर भी डाल दीजिए।

तीसरा स्टेप- अब आपको पैन में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक को भी एड कर लेना है। हल्की आंच पर टमाटर को अच्छी तरह से भून लीजिए।

चौथा स्टेप- जब टमाटर और सभी मसाले अच्छी तरह से कुक हो जाएं, तब इस सब्जी में गरम मसाला, पानी और गुड़ का एक छोटा टुकड़ा भी डाल दीजिए।

पांचवां स्टेप- आखिर में आपको इस सब्जी में रतलामी सेव और कटा हुआ फ्रेश हरा धनिया मिलाना है। बिना लहसुन और प्याज की सेव टमाटर की सब्जी सर्व करने के लिए तैयार है।

सावन के महीने में बिना लहसुन और प्याज वाली सेब टमाटर की इस सब्जी के स्वाद का लुत्फ उठाया जा सकता है। आप सेव टमाटर की इस सब्जी के साथ गर्मागर्म पराठे खा सकते हैं। यकीन मानिए बिना लहसुन और प्याज वाली इस सब्जी का टेस्ट बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को काफी ज्यादा पसंद आने वाला है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल