अगर आप रोज़-रोज़ के स्नैक्स से बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा ट्राय करना चाहते हैं जो ठंडा भी हो, चटपटा भी और एकदम अलग स्वाद दे तो पानी के पकोड़े आपके लिए परफेक्ट हैं। आम और इमली के खट्टे-मीठे पानी में डूबे ये पकोड़े खाते ही गोलगप्पे का स्वाद भूल जाना तय है। झटपट बनने वाली इस मज़ेदार रेसिपी को एक बार ज़रूर नोट कर लें।
पानी के पकोड़े बनाने के लिए सामग्री:
-
पकोड़े के लिए सामग्री: बेसन डेढ़ कप, हल्दी पाउडर आधा चम्मच, नमक स्वाद अनुसार, कुटी हुई लाल मिर्च, अजवाइन आधा चम्मच, बेकिंग सोडा, धनिया पत्ती, हरी मिर्च, प्याज, ऑयल फ्राई करने के लिए
-
चटनी के लिए सामग्री: धनिया पत्ती, पुदीना की पत्ती, हरी मिर्च, अदरक, नींबू का रस, पानी ज़रूरत के अनुसार
-
चटपटा मसाला पानी के लिए सामग्री: बर्फ के टुकड़े, पानी ज़रूरत के अनुसार, मीठी चटनी, इमली के टुकड़े, कच्चे कटे हुए आम, एक छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर, काला नमक, भुना जीरा पाउडर आधा चमच, चाट मसाला, हींग, नमक, नींबू के टुकड़े, धनिया पत्ती, प्याज के बारीक टुकड़े
पानी के पकोड़े बनाने की विधि
-
पकोड़े का बैटर बनाने के लिए, बेसन, हल्दी पाउडर, नमक, कुटी हुई लाल मिर्च पाउडर, कुटी हुई अजवाइन डालें और पानी डालकर, फेंटकर गाढ़ा बैटर बना लें।
-
बैटर को 10 मिनट के लिए अलग रख दें। इसके बाद इसमें थोड़ा बेकिंग पाउडर, धनिया पत्ती, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटा प्याज डालें और अच्छी तरह मिला लें। अब इन्हें छोटे शेप में निकालें और गरम तेल में तल लें।
-
अब, एक मिक्सर जार में धनिया पत्ती, पुदीना पत्ती, हरी मिर्च, अदरक, नींबू का रस डालें और थोड़ा पानी डालकर सभी को ब्लेंड कर लें। आपकी हरी चटनी तैयार है।
-
चटपटा पानी बनाने के लिए, चटनी को एक बड़े कटोरे में निकाल लें, उसमें कुछ बर्फ के टुकड़े, ज़रूरत के अनुसार पानी, थोड़ी मीठी चटनी, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, हींग डालें इमली के टुकड़े, कच्चे कटे हुए आम डालें और अच्छी तरह मिला लें।
-
फिर इसमें थोड़ा नमक, थोड़ा नींबू का रस, आधा कटा हुआ प्याज और कटी हुई धनिया पत्ती डालें। इसे अच्छी तरह मिला लें और ढककर रख दें।
-
तले हुए पकोड़ों को चटपटे मसाले वाले पानी में डालें, स्वादिष्ट पानी पकोड़ी परोसें और इसका आनंद लें। इस तरह, बाजार जैसी स्वादिष्ट पानी पकोड़ी घर पर आसानी से तैयार हो जाएगी।