1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. आज खाने में बनाएं बेसन के चीला की स्वादिष्ट सब्जी, देखते ही मुंह में पानी आ जाएगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

आज खाने में बनाएं बेसन के चीला की स्वादिष्ट सब्जी, देखते ही मुंह में पानी आ जाएगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jul 29, 2025 03:40 pm IST,  Updated : Jul 29, 2025 03:40 pm IST

Besan Ki Sabzi Recipe: समझ नहीं आ रहा कि क्या सब्जी बनाएं, तो आज बेसन के चीला की सब्जी बनाकर खाएं। ये सब्जी इतनी टेस्टी बनती है कि आप देखते ही खाने पर टूट पड़ेंगे। जानिए बेसन की सब्जी की ये स्पेशल रेसिपी।

बेसन के चीला की सब्जी- India TV Hindi
बेसन के चीला की सब्जी Image Source : FREEPIK

रोज-रोज क्या सब्जी बनाएं इसे लेकर ज्यादातर महिलाएं परेशान रहती है। कई बार घर में कोई सब्जी नहीं होती या वही एक जैसी सब्जियां खाने का मन नहीं करता है, ऐसे में आप बेसन के चीला की टेस्टी सब्जी बनाकर खा सकते हैं। बेसन के चीला की सब्जी दिखने में जितनी लजीज लगती है स्वाद में ये सब्जी उतनी ही बेहतरीन बनती है। खास बात ये है कि बेसन के चीला की सब्जी को आप किसी भी सीजन में बनाकर खा सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है। जानिए बेसन के चीला की सब्जी कैसे बनाते हैं और क्या है ये रेसिपी।

बेसन के चीला की सब्जी बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- करीब 1 कप बेसन लें और उसमें थोड़ी अजवाइन क्रश करके डाल दें। बेसन में थोड़ा जीरा पाउडर, कसूरी मेथी, नमक, हल्दी पाउडर और ताजा धनिया डालें। अब 1 कप के करीब पानी डालकर घोल तैयार कर लें। 

दूसरा स्टेप- तवे पर घी लगाकर बेसन के घोल से चीला फैला दें। अब चीला को पलटते हुए रैप की तरह शेप दें। यानि एक साइड से पलटकर बीच में लाएं। फिर दूसरी साइड से भी पलटकर बीच में लाएं। अब दोनों साइड से पलटकर लंबा फोल्ड बनाकर उतार लें। इसी तरह सारे चीला सेंक लें।

तीसरा स्टेप- अब फोल्ड किए हुए चीला को बर्फी जैसे पीस में कट कर लें। इन्हें साइड में रख लें और एक कड़ाही में सब्जी के लिए ग्रेवी तैयार कर लें। इसके लिए पैन या कड़ाही में सरसों का तेल डालें। जीरा, हींग डालें और इसमें 10 कली लहसुन, 1 इंच अदरक और 2 प्याज को कद्दूकस करके या पीसकर डालें।

चौथा स्टेप- इसी में 3-4 हरी मिर्च काटकर डालें। करीब 2 मीडियम टमाटर को पीसकर ग्रेवी बना लें। प्याज भुनने के बाद पिसा टमाटर डालें और सारे सूखे मसाले जैसे धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, नमक और आमचूर पाउडर डालें। मसाले को तेल छोड़ने तक भून लें।

पांचवां स्टेप- अब मसाले में 2 कप पानी डालें और ग्रेवी में एक उबाल आने के बाद इसमें पीस किए हुए चीला को डाल दें। अब कवर करके सब्जी को 10 मिनट के लिए धीमी आंच पर पकने दें। सब्जी बनने के बाद गरम मसाला डालें और हरा धनिया डालकर सर्व करें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल